जिले में शीतलहर का कहर, सर्दी बढ़ी…

न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री तक गिरा, शीतलहर जारी

जिले में तेज सर्दी का असर बढ़ने लगा है, और शीतलहर की ठिठुरन से रात का पारा लगातार दूसरे दिन भी जमाव बिंदु के नजदीक बना रहा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री घटकर 2.6 डिग्री दर्ज किया गया। पिलानी शहर माउंट आबू से भी ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। सीकर जिले के फतेहपुर और चूरू में क्रमशः 0.1 डिग्री और 2.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जो पिलानी से भी ज्यादा सर्द था।

शीतलहर के कारण यह पहली बार है कि दिसंबर महीने के दूसरे सप्ताह में तापमान जमाव बिंदु के नजदीक पहुंचा है। इससे पहले वर्ष 2020 और 2018 में ही दिसंबर के तीसरे सप्ताह में तापमान 3 डिग्री के नीचे गया था। खुले में खड़े वाहनों और खेतों में पौधों पर बर्फ जमने की घटनाएं देखने को मिलीं।

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन सर्दी में और इजाफा हो सकता है। उत्तर की सर्द हवाओं और शीतलहर के असर से तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, हालांकि कोहरे की संभावना भी बनी हुई है। 14 दिसंबर के बाद हवाओं में बदलाव से शीतलहर का असर कम हो सकता है, और तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।

Comments are closed.