राजस्थान: देवली-उनियारा उपचुनाव में SDM को थप्पड़ मारने पर बवाल, पुलिस ने की कार्रवाई…

नरेश मीणा की गिरफ्तारी के बाद टोंक और अलीगढ़ में तनाव

राजस्थान के देवली-उनियारा उपचुनाव के दौरान SDM को थप्पड़ मारने का मामला अब तूल पकड़ चुका है। गुरुवार को टोंक और अलीगढ़ कस्बे के आसपास इलाकों में तनाव की स्थिति रही, और नरेश मीणा की गिरफ्तारी के बाद उसके समर्थकों ने पथराव किया। उपद्रवियों ने टोंक-सवाई माधोपुर हाईवे 116 को अलीगढ़ कस्बे के पास जाम कर दिया था, जिसके कारण सड़क यातायात में 10 घंटे की अड़चन आई।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया और जाम हटाया, जिससे हाईवे पर ट्रैफिक फिर से सुचारू हो गया। वहीं, पुलिस ने उनियारा से भीलवाड़ा नेशनल हाईवे को भी दोपहर में क्लियर कर दिया था। उपद्रवियों से निपटने के लिए पुलिस ने लगभग 4,000 जवान तैनात किए हैं, और मंत्री किरोड़ीलाल मीणा भी स्थिति को शांत करने के लिए समरावता पहुंचे थे।

आरएएस अधिकारियों की हड़ताल जारी

गुरुवार से एसडीएम अमित चौधरी के थप्पड़ मारने के विरोध में आरएएस एसोसिएशन ने पेन डाउन हड़ताल का ऐलान किया है। एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर खराड़ी ने बताया कि शुक्रवार को सीएम भजनलाल शर्मा से मुलाकात करने के बाद ही हड़ताल खत्म करने पर विचार किया जाएगा।

नरेश मीणा की कोर्ट में पेशी, कड़ी सुरक्षा इंतजाम

शुक्रवार को नरेश मीणा की कोर्ट में पेशी होनी है। पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, और समरावता व अलीगढ़ कस्बे में एसटीएफ जवानों की तैनाती की गई है। गिरफ्तारी के बाद नरेश मीणा को टोंक और फिर पीपलू ले जाया गया, जहां उसे रातभर पीपलू थाने में रखा गया।

Comments are closed.