लक्ष्य प्राप्ति के लिए दूरदृष्टि और प्लानिंग जरूरी : प्रो. संजय सिंह

समय कभी रुकता नहीं, इसलिए इसकी कद्र करें : प्रो. अनिल राय

लक्ष्य प्राप्ति के लिए दूरदृष्टि और प्लानिंग जरूरी : प्रो. संजय सिंह
शेखावाटी विश्वविद्यालय में व्यक्तित्व विकास व समय प्रबंधन पर व्याख्यान
समय कभी रुकता नहीं, इसलिए इसकी कद्र करें : प्रो. अनिल राय

सीकर

पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की ओर से गुरुवार को सेमिनार हॉल में ‘व्यक्तित्व विकास और समय प्रबंधन’ विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो. (डॉ.) संजय सिंह बघेल रहे। राष्ट्रपति अवार्ड से सम्मानित शिक्षाविद प्रो. बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि लक्ष्य प्राप्ति के लिए दूरदृष्टि आवश्यक है तथा सफलता के लिए स्पष्ट योजना (प्लानिंग) और निरंतरता (कन्टीन्यूटी) सबसे महत्वपूर्ण हैं। मीडिया विशेषज्ञ एवं प्रेरक वक्ता डॉ. ​संजय सिंह ने विद्यार्थियों को समय के प्रभावी उपयोग और व्यक्तित्व विकास के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया। प्रो. सिंह ने कहा कि सपने वो नहीं, जो नींद में आते हैं, सपने तो वो हैं जो आपको नींद ही नहीं आने देते। विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने विभिन्न पुस्तकों और महापुरुषों का उदाहरण देते हुए पर अपनी बात रखी। डॉ. बघेल ने कहा कि आज के समय में मीडिया कन्वर्जेंस को समझना विद्यार्थियों के लिए आवश्यक हो गया है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. (डॉ.) अनिल कुमार राय ने कहा कि समय कभी रुकता नहीं है,गुजरा हुआ समय कभी लौटता नहीं है। इसलिए समय का सही प्रबंधन और इसकी कद्र करना आवश्यक है। जीवन में आगे बढ़ने के लिए समय का सही प्रबंधन करना हर विद्यार्थी के लिए अनिवार्य है। प्रो. राय ने विद्यार्थियों से समय का सदुपयोग कर अपने लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। कुलगुरु ने कहा कि समय प्रबंधन व्यक्तित्व विकास का अहम आधार है और विद्यार्थियों को प्रतिदिन कम से कम दो घंटे स्वयं के व्यक्तित्व विकास के लिए समर्पित करने चाहिए। प्रो. राय ने कहा कि आज का विषय राष्ट्रीय शिक्षा नीति में भी शामिल है, इसलिए विद्यार्थियों को समय प्रबंधन कर अपने व्यक्तित्व का विकास करना चाहिए।
सहायक कुलसचिव (परीक्षा) और अध्ययन प्रभारी डॉ. रामचरण मीणा भी उपस्थित थे। अंत में मीडिया प्रभारी डॉ. महेश चंद गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन मीडिया की विद्यार्थी सोनाक्षी ने किया। डॉ. ​संजय सिंह ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के सवालों का जवाब भी दिया। इस अवसर पर सभी विभागों के शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Comments are closed.