शेखावाटी विश्वविद्यालय का छठा दीक्षांत समारोह शनिवार को, राज्यपाल बागडे आएंगे

तीन शख्सियतों को शेखावाटी शिरोमणि और 5 ​को मिलेगा शेखावाटी भूषण

शेखावाटी विश्वविद्यालय का छठा दीक्षांत समारोह शनिवार को, राज्यपाल बागडे आएंगे
तीन शख्सियतों को शेखावाटी शिरोमणि और 5 ​को मिलेगा शेखावाटी भूषण
दीक्षांत समारोह में 39 विद्यार्थियों को मिलेंगे गोल्ड मेडल व डिग्रियां

सीकर।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी वि​श्वविद्यालय, सीकर का षठ्म दीक्षांत समारोह का आयोजन 28 मार्च को सुबह 11 बजे ​होगा। समारोह में 39 विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और उपाधि दी जाएगी। इस अवसर पर तीन हस्तियों को पीएच.डी. की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर दो दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘प्रत्युषा.2026’ का भी शुभारंभ होगा। दीक्षांत समारोह के बाद दोपहर में तीन शख्सियतों को शेखावाटी शिरोमणि और 5 विद्वतजनों ​को शेखावाटी भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

डिप्टी रजिस्ट्रार (अकादमिक) रामसिंह सरावग ने बताया कि कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय राज्यपाल हरिभाऊ बागडे करेंगे। मुख्य अतिथि शिक्षाविद्, लेखक और पद्मश्री प्रो. जगमोहन सिंह राजपूत होंगे। शेखावाटी विवि के कुलगुरु प्रो.अनिल कुमार राय स्वागत भाषण और विवि की प्रगति रिपोर्ट पेश करेंगे। रामसिंह सरावग ने बताया कि दोपहर बाद आयोजित सम्मान समारोह में जानी माने चिकित्सक डॉ. घनश्याम लाल राठी, डॉ. विनोद कुमार जैन, शिक्षाविद डॉ. रतन लाल मिश्रा को शेखावाटी शिरोमणि सम्मान 2026 और समाजसेवा व विभिन्न क्षेत्रों के लिए रामेश्वर लाल जांगिड़, लक्ष्मीनारायण राड, प्रदीप कुमार सैनी, गोपाल कृष्ण शर्मा, कर्नल राजेश भूकर को शेखावाटी भूषण सम्मान प्रदान किया जाएगा। सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि शिक्षाविद्, लेखक और पद्मश्री प्रो. जगमोहन सिंह राजपूत होंगे। अध्यक्षता कुलगुरु प्रो.अनिल कुमार राय करेंगे।

परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह ने बताया कि राज्यपाल विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर प्रेरणा स्थल, शौर्य की दीवार का उद्घाटन करेंगे तथा पंडित दीनदयाल उपाध्याय रिसर्च सेंटर का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद वे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर प्रदर्शनी का उद्घाटन कर अवलोकन करेंगे। प्रो. राजेंद्र सिंह ने बताया 2024—2025 बैच के पीजी और यूजी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले 39 विद्यार्थियों को उपाधि व गोल्ड मेडल दिए जाएंगे। सत्र 2024-25 के दीक्षांत समारोह में 90598 छात्र-छात्राओं को डिग्री वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि गोल्ड मेडल हासिल करने वाले छात्र-छात्राओं के अलावा शेष विद्यार्थियों को ये डिग्रियां संबंधित कॉलेजों से मिलेंगी।
दो दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘प्रत्युषा.2026’ में 28 और 29 मार्च को विद्यार्थियों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गायन, संभाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी।

Comments are closed.