समरस सनातन यात्रा का गुढ़ा रोड स्थित वैशाली नगर में स्वागत…

यात्रा ने शेखावाटी के विभिन्न कस्बों का दौरा किया

रविवार को शेखावाटी क्षेत्र में समरस सनातन यात्रा गुढ़ा रोड स्थित वैशाली नगर पहुंची, जहां भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा, विक्रम सिंह और अनिल पूनिया के नेतृत्व में यात्रा का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद यात्रा गुढ़ा मोड़, शहीद कर्नल जेपी जानू राउमा विद्यालय, खटीकों का मंदिर, शाह मार्केट, शाहों का कुआं और टिबड़ा मार्केट होते हुए गांधी पार्क पहुंची, जहां धर्म सभा का आयोजन किया गया।

यात्रा संयोजक बुधगिरी मढ़ी के महंत दिनेश गिरी महाराज ने धर्म सभा में कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य शेखावाटी के सनातनियों को एकजुट करना, धर्म के प्रति समर्पित होने का संदेश देना और नई पीढ़ी को सनातन धर्म और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने हिन्दू एकता की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आज देश में धर्म की बजाय जातियों की बात की जा रही है। सभा को दादूद्वारा बगड़ के महामंडलेश्वर डॉ. अर्जुनदास महाराज, चंचल नाथ टीला के पीठाधीश्वर ओमनाथ महाराज और अन्य संतों ने भी संबोधित किया।

धर्म सभा के बाद वाल्मीकि बस्ती में सामूहिक भोजन का आयोजन किया गया और शहर में यात्रा का स्वागत 16 स्थानों पर तोरण द्वार लगा कर किया गया। राणी सती रोड स्थित श्याम मंदिर में भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें स्थानीय कलाकारों ने भजन प्रस्तुत किए। यात्रा सोमवार को बगड़, चिड़ावा, सूरजगढ़ और खेतड़ी होते हुए नीमकाथाना जिले में प्रवेश करेगी।

Comments are closed.