सरदारशहर में किसानों का प्रदर्शन, बीज घोटाले और बिजली-पानी की समस्याओं पर उठी आवाज…

ग्रामीणों ने बीज घोटाले और बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग की

सरदारशहर के मेलुसर बिकान पंचायत में बीज घोटाले और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली-पानी की समस्याओं को लेकर किसानों ने पंचायत समिति के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान किसानों ने मुख्यमंत्री का पुतला जलाकर विरोध जताया।

किसान नेता सांवरमल जाखड़ ने बताया कि वे जनसुनवाई कार्यक्रम में भाग लेने आए थे, लेकिन जब प्रमुख अधिकारी जैसे एसडीएम और तहसीलदार नहीं पहुंचे, तो विरोध स्वरूप पुतला जलाया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली और पानी की समस्याएं विकराल हो गई हैं, खासकर किसानों को 6 घंटे भी बिजली नहीं मिल रही और यूरिया-डीएपी के लिए लंबी लाइनों में लगना पड़ता है।

युवा किसान नेता रूपचंद सारण ने कहा कि मेलुसर बिकान पंचायत में रबी और खरीफ की फसलों के बीज घोटाले पर यह विरोध किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जनसुनवाई में बार-बार इन समस्याओं को उठाया गया, लेकिन अधिकारियों द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया। इसके अलावा, जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन डालने के बावजूद ग्रामीणों को पानी के लिए 1500 रुपए देकर टैंकर मंगवाने पड़ते हैं।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे। इस प्रदर्शन में किसान नेता सांवरमल जाखड़, रूपचंद सारण, राकेश चौधरी, शंकर लाल चौधरी, रामपाल जाट सहित अन्य किसान नेता मौजूद थे।

Comments are closed.