सीकर: महिला के घर से लाखों की चोरी, जेवरात और नकदी पर हाथ साफ…
पड़ोसी पर जताया शक, पुलिस ने जांच शुरू की
सीकर के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब मकान मालिक जन्नत (42), जयपुर के सुकेश हॉस्पिटल में अपने बीमार भाई से मिलने गई हुई थी।
अनाज की टंकी में रखे थे 6 लाख नकद और जेवरात
जन्नत ने पुलिस को बताया कि वह अपने भाई रफीक से मिलने के लिए मकान को ताला लगाकर जयपुर गई थी। जब वह लौटकर आई तो ताले टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था। चोर अनाज की टंकी में रखे 6 लाख रुपए नकद और शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए।
पड़ोसी पर जताया शक
जन्नत ने अपने पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर चोरी का शक जाहिर किया है। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। एएसआई तूफान सिंह के नेतृत्व में पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर जल्द ही मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है।
Comments are closed.