सीकर में एसएफआई का कोचिंग सेंटरों में सुरक्षा बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन…

कोचिंग सेंटरों में घटनाओं की रोकथाम के लिए एसएफआई का कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध

जयपुर के उत्कर्ष कोचिंग सेंटर में छात्रों के बेहोश होने की घटना के विरोध में आज सीकर में एसएफआई ने कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। एसएफआई कार्यकर्ताओं ने ढ़ाका भवन से कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली और कलेक्ट्रेट के बाहर जमकर नारेबाजी की। एसएफआई ने जिला कलक्टर से मांग की है कि कोचिंग सेंटर्स और निजी शिक्षण संस्थानों में हो रही ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए व्यवस्था की जाए।

एसएफआई के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष जाखड़ ने कहा, “पहले दिल्ली में एक कोचिंग सेंटर में पानी भरने की घटना हुई, और अब जयपुर में उत्कर्ष कोचिंग सेंटर में क्लास के दौरान छात्र बेहोश हो गए। सीकर देश का बड़ा कोचिंग हब है, लेकिन यहां लाखों बच्चों की सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा जा रहा है।” उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि कोचिंग संस्थानों की निगरानी के लिए कमेटी बनाई जाए और उनके हालातों की जांच की जाए।

उन्होंने यह भी कहा, “सीकर में एक कोचिंग सेंटर में 500 से 800 स्टूडेंट्स एक साथ पढ़ाई करते हैं, ऐसे में अगर कोई अप्रिय घटना हो जाए तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?” जाखड़ ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी मापदंडों का पालन कोई भी कोचिंग सेंटर नहीं करता।

एसएफआई ने अपनी प्रमुख मांगों में सीकर में निगरानी कमेटी बनाने, कोचिंग सेंटरों और शिक्षण संस्थानों की सुरक्षा जांच, अग्निशमन यंत्र और वेंटिलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने, और बाल-वाहिनी नियमों का पालन करने की मांग की।

Comments are closed.