सीकर में तेज रफ्तार कार ने दो बाइक सवारों को मारी टक्कर, तीन घायल, कार सवार फरार…

सूरजगढ़ थाना इलाके में हुई दुर्घटना, पुलिस ने मामले की जांच शुरू की

सीकर जिले के सूरजगढ़ थाना इलाके में शहीद राजकुमार स्मारक के पास बीती रात एक तेज रफ्तार और बेकाबू कार ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार माँ-बेटे सहित तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद कार सवार वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और जीवन ज्योति रक्षा समिति की टीम मौके पर पहुंची। जीवन ज्योति रक्षा समिति की एम्बुलेंस से घायलों को सूरजगढ़ सीएचसी में भर्ती करवाया गया। घायलों की पहचान कस्बे के वार्ड एक निवासी सावित्री नायक, हजारी नायक और बिहार के बेगूसराय के रामफल यादव के रूप में हुई। सीएचसी पर इलाज के दौरान हजारी नायक की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनू के बीडीके अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यूपी नंबर की कार में सवार लोग किसी शादी समारोह में भाग लेने के लिए जा रहे थे। दुर्घटना के बाद वे कार को मौके पर छोड़कर अन्य वाहन में बैठ फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Comments are closed.