सीकर में सोलर प्लांट लाइन को लेकर किसानों की चिंता, हजारों पेड़ों की कटाई का विरोध
सीकर में सोलर प्लांट लाइन को लेकर किसानों की चिंता, हजारों पेड़ों की कटाई का विरोध
सीकर में सोलर प्लांट लाइन को लेकर किसानों की चिंता, हजारों पेड़ों की कटाई का विरोध
सीकर।
पलासिया–हर्ष क्षेत्र के किसानों ने सोलर प्लांट से बिजली को ग्रिड तक पहुंचाने के लिए प्रस्तावित विद्युत लाइन के कारण बड़ी संख्या में हरे-भरे पेड़ों की संभावित कटाई पर चिंता जताई है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर वैकल्पिक मार्ग निकाला जाए, ताकि पेड़ों और किसानों की जमीन को नुकसान से बचाया जा सके। किसान नेता अमरचंद के नेतृत्व में किसानों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित विद्युत लाइन के मार्ग में हजारों हरे पेड़ आने की संभावना है, जिनकी कटाई से पर्यावरण को गंभीर नुकसान होगा। इसके साथ ही किसानों की कृषि भूमि भी प्रभावित होगी। किसानों ने प्रशासन से अपील की कि विद्युत विभाग द्वारा कार्य शुरू करने से पहले स्थल का निरीक्षण कर लाइन का वैकल्पिक रूट तय किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि हरे-भरे पेड़ों की कटाई किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी।
किसानों ने चेतावनी दी कि यदि बिना वैकल्पिक समाधान के पेड़ों की कटाई की गई तो उन्हें मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजेश सैनी, जिला परिषद सदस्य परमानंद सैनी, भंवरलाल सैनी, मोहनलाल खडौलिया, हर्ष के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि घासीराम सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे। किसानों ने प्रशासन से इस मामले में जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
Comments are closed.