सूदखोरों से परेशान व्यक्ति ने आत्मदाह की धमकी दी, पुलिस ने समझाइश से उतारा…

मोबाइल टावर पर चढ़कर किया आत्मदाह की कोशिश

शनिवार को शहर के गोलाई मोड़ के पास एक व्यक्ति सूदखोरों से परेशान होकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया और आत्मदाह की धमकी दी। उसने हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर चढ़ाई की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने समझाइश का प्रयास किया और डेढ़ घंटे बाद उसे नीचे उतार लिया।

घटना के अनुसार, वार्ड 22 निवासी रोहिताश कुमार दोपहर साढ़े बारह बजे मोबाइल टावर पर चढ़ गया था। उसने बताया कि सूदखोरों से उधारी चुकाने के बावजूद वह और उसका परिवार प्रताड़ित हो रहा है। उसकी शिकायत थी कि उसके द्वारा दिए गए खाली चेक बाउंस कराकर उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है। कोतवाल पवन चौबे, डीएसपी वीरेंद्र शर्मा और सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र फौजी मौके पर पहुंचे और न्याय दिलाने का आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा।

रोहिताश ने बताया कि उसने 6 साल पहले शीशराम मांजू से 4 लाख रुपए उधार लिए थे और बदले में अपनी जमीन बेचकर अब तक सूदखोरों को 60 लाख रुपए चुका चुका है। इसके बावजूद सूदखोरों के परिजन उसे और उसकी पत्नी से लिए गए चेक बाउंस कराकर अतिरिक्त पैसे मांग रहे हैं। वह लगातार प्रताड़ना और जेल भेजने की धमकी से परेशान है।

अभी तक उसने इस मामले में किसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं की है, लेकिन पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.