सूरजगढ़ में विवाहिता ने आत्मदाह की कोशिश, हालत नाजुक…

घरेलू विवाद से परेशान होकर उठाया आत्मघाती कदम, पुलिस जांच में जुटी

झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ कस्बे में घरेलू कलह के चलते एक विवाहिता ने मंगलवार दोपहर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की। इस घटना में विवाहिता ममता गंभीर रूप से झुलस गई। परिजनों ने तत्काल उसे स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे झुंझुनूं रेफर कर दिया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना सूरजगढ़ के जीणी रोड स्थित वार्ड नं. 02 की है। पारिवारिक विवाद के बाद ममता ने अपने ऊपर डीजल डालकर आग लगा ली। ससुराल वालों ने आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि ममता का आधे से अधिक शरीर जल चुका है, और उसकी हालत बेहद नाजुक है।

थानाधिकारी सुखदेव ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल विवाहिता के परिजनों से पूछताछ जारी है, लेकिन अब तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। विवाद के कारणों की जांच जारी है।

Comments are closed.