चूरू में सर्दी का कहर, तापमान में गिरावट से ठंड बढ़ी…

पारा लुढ़का, अस्पतालों में बढ़े सर्दी-जुकाम और अस्थमा के मरीज

जिले में सर्द हवाओं का दौर लगातार जारी है। बुधवार को तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और पारा जमाव बिंदु के पास पहुंच गया, जिससे कड़ाके की ठंड ने लोगों को बेहाल कर दिया। सर्द हवाओं के कारण खेतों में पानी के पाइपों, पक्षियों के परिंडों और फसलों के पतों पर ओस के रूप में पानी जम गया।

मंगलवार के मुकाबले बुधवार को न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री पर आ गया, जिससे ठंड में और बढ़ोतरी हुई। हालांकि, सुबह दस बजे के बाद धूप खिलने से कुछ राहत मिली, लेकिन सर्दी से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। चाय की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।

बूंटिया रोड स्थित कब्रिस्तान में पक्षियों के लिए रखे गए पानी के कुंडों में भी बर्फ जम गई। इस कड़क ठंड के चलते अस्पतालों में सर्दी-जुकाम और अस्थमा के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। डीबी अस्पताल के वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. मो. आरिफ ने लोगों को सलाह दी है कि सर्दी-जुकाम की स्थिति में डॉक्टर से प्राथमिक इलाज जरूर करवाएं और सांस के मरीजों को खासतौर पर सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री दर्ज किया गया।

Comments are closed.