सीकर में तेंदुए के आतंक में 4 लोग घायल…

कुड़ली गांव में तेंदुए ने अचानक किया हमला, घायलों का इलाज जारी

सीकर के कुड़ली गांव में मंगलवार को तेंदुए ने 4 लोगों पर हमला कर दहशत फैला दी। सुबह 10:45 बजे जयपुर-झुंझुनूं बायपास पर पहली बार तेंदुआ नजर आया। उसने खेत में काम कर रहे किसान बजरंग लाल गुर्जर पर हमला कर कंधे और मुंह पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। इसके बाद तेंदुआ पास के एक खेत में जाकर बैठ गया। ट्रेंकुलाइज करने की कोशिशों के दौरान शाम करीब 4:30 बजे तेंदुए ने दैनिक समाचार समूह के रिपोर्टर सुरेंद्र माथुर सहित 3 अन्य लोगों पर अचानक हमला कर दिया। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तेंदुए ने रिपोर्टर सुरेंद्र माथुर के चेहरे और गर्दन पर गंभीर चोटें पहुंचाईं, जबकि ग्रामीण सुभाष भांबू और लोकेश के चेहरे पर भी पंजे के निशान आए। वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को ट्रेंकुलाइज किया। घटना स्थल के करीब 30 किलोमीटर दूर लोहार्गल और शाकंभरी की पहाड़ियों से तेंदुए के आने की संभावना जताई जा रही है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने फोन पर घायलों का हालचाल लिया और रिपोर्टिंग टीम की बहादुरी की सराहना की।

Comments are closed.