रोमांचक मुकाबलों में यालसर, पुनिया का बास व बिड़ोदी सेमीफाइनल में पहुंचे…

कोलीड़ा व पनलावा का क्वार्टर फाइनल आज

कोलीड़ा खेल विकास समिति के तत्वावधान में कोलीड़ा खेल स्टेडियम में चल रही पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता के तीसरे दिन मंगलवार को रोमांचक क्वार्टर फाइनल मैच खेले गए। सुबह छाए घने कोहरे की वजह से पहला मैच देरी से शुरू हो पाया। जिसकी वजह से चौथा मैच नहीं हो पाया।
प्रतियोगिता का पहला क्वार्टर फाइनल मैच थोरासी व यालसर के बीच हुआ। इसमें मैच शुरू होने के बाद 4 वें मिनट में यालसर के जुनेद ने गोल कर बढ़त बनाई। इसके बाद 10 वें मिनट में यालसर के ताराचंद ने दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। मध्यांतर के बाद यालसर के जुनेद ने अपना दूसरा गोल कर यालसर को 3-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद थोरासी की टीम ने तेजी दिखाई। मैच के 90 वें मिनट में थोरासी की तरफ से योगेश ने तथा इंजरी टाइम में अनिल ने गोल कर स्कोर को 3-2 कर मैच को रोमांचक बना दिया। मैच समाप्ति पर यालसर ने 3-2 के स्कोर से मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली।

दूसरा मैच केएफसी कोलीड़ा व पुनिया का बास के बीच खेला गया। इस मैच में पुनिया का बास की टीम के कैलाश ने 11 वें मिनट में गोल कर मेजबान टीम पर बढ़त बनाई। स्थानीय दर्शकों की हूटिंग व भरसक प्रयासों के बावजूद कोलीड़ा की टीम गोल नहीं कर पाई। मैच के 71 वें मिनट में पुनिया का बास के यश ने दूसरा गोल कर अपनी टीम को 2-0 से जीत दिलाकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। तीसरा क्वार्टर फाइनल मैच खीरवा व बिड़ोदी बड़ी के बीच खेला गया। कांटे की टक्कर के इस मैच के 35 वें मिनट में बिड़ोदी के अंकित ने गोल कर अपनी टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद दोनों टीमों ने एक दूसरे पर कई दमदार आक्रमण किए।

आखिर 84 वें मिनट में खीरवा की टीम के सोनू ने शानदार गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद अतिरिक्त समय में दोनों टीमें गोल नहीं कर पाई। अंततः टाईब्रेकर में बिड़ोदी ने 3-2 के स्कोर से मैच जीतकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। सुबह छाए घने कोहरे की वजह से पहला मैच देरी से शुरू हो पाया। जिसकी वजह से चौथा मैच नहीं हो पाया। चौथा कवार्टर फाइनल बुधवार सुबह 9.00 बजे केकेवीएस कोलीड़ा व पनलावा के बीच खेला जाएगा। इसके बाद सेमीफाइनल मैच होंगे। पहला सेमीफाइनल मैच सुबह 11.00 बजे होगा। दूसरा सेमीफाइनल मैच कोलीड़ा व पनलावा के मैच की विजेता टीम का बिड़ोदी बड़ी के साथ सांय 3.00 बजे होगा। प्रतियोगिता का फाइनल मैच गुरुवार को होगा।

Comments are closed.