सावित्री बाई फुले की जयंती पर कार्यक्रम, समाजोत्थान में योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया…
भारत की पहली बालिका स्कूल की संस्थापक को श्रद्धांजलि
भारत की पहली बालिका स्कूल की संस्थापक व महान शिक्षिका सावित्री बाई फुले की जयंती शुक्रवार को राष्ट्रीय सैनी सभा द्वारा मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन इंडाली रोड स्थित बाबा प्रकाशपुरी आश्रम के सामने के कार्यालय में हुआ, जहां समाज के विभिन्न प्रमुख व्यक्तियों ने भाग लिया।
समारोह की शुरुआत फुले के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित करने के साथ की गई। सभा के संभाग प्रभारी अजय कुमार सैनी ने बताया कि इस अवसर पर समाजोत्थान में योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान भी किया गया। पैराओलिंपिक खिलाड़ी जीवनी सैनी, अनिता सैनी, सुधा पंवार, पिंकी धूपिया, सावित्री सैनी और मनीता तंवर को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
वक्ताओं ने सावित्री बाई फुले के योगदान की सराहना करते हुए भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि 18वीं सदी में जब महिलाओं के लिए शिक्षा पर प्रतिबंध था, तब सावित्री बाई फुले ने बालिका शिक्षा के लिए अपनी आवाज उठाई और समाज को जागरूक किया।
कार्यक्रम में सभा के प्रदेशाध्यक्ष श्रवण कुमार सैनी, सरपंच राजेंद्र प्रसाद सैनी, भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष कमलकांत शर्मा सहित अन्य कई समाजसेवी मौजूद थे। मंच संचालन संजय सिंगोदिया ने किया।
Comments are closed.