अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की प्रदेश साधारण सभा सम्पन्न, नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, नई शिक्षा नीति पर हुआ व्यापक मंथन
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की प्रदेश साधारण सभा सम्पन्न, नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, नई शिक्षा नीति पर हुआ व्यापक मंथन
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की प्रदेश साधारण सभा सम्पन्न, नई प्रदेश कार्यकारिणी घोषित, नई शिक्षा नीति पर हुआ व्यापक मंथन
सीकर
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (विद्यालय शिक्षा) की प्रदेश साधारण सभा एवं त्रिवर्षीय प्रदेश कार्यकारिणी बैठक 15–16 जून 2026 को जे.जे.टी. विश्वविद्यालय, चुड़ैला (झुंझुनूं) में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। दो दिवसीय बैठक में संगठन सुदृढ़ीकरण, शिक्षक हित, शिक्षा की गुणवत्ता, नई शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन तथा आगामी कार्ययोजना पर व्यापक विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के उद्घाटन सत्र में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबाराम, महासंघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर, प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा, प्रदेश महामंत्री महेंद्र कुमार लखारा सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। द्वितीय सत्र में राष्ट्रीय अतिरिक्त महामंत्री मोहन पुरोहित, क्षेत्रीय कार्यकारिणी सदस्य उमराव लाल वर्मा, सह प्रांत प्रचारक विशाल, संगठन के संरक्षक प्रहलाद शर्मा, रामावतार कौशिक तथा कैलाश चंद्र कच्छावा सहित वरिष्ठजनों ने संगठनात्मक विस्तार एवं शिक्षक समाज की चुनौतियों पर अपने विचार रखे।
बैठक का प्रमुख आकर्षण आगामी तीन वर्षों (2026–2029) के लिए नई प्रदेश कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से निर्वाचन रहा। इसमें रमेश चंद्र पुष्करणा को प्रदेश अध्यक्ष, संपत सिंह को प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महेंद्र कुमार लखारा को प्रदेश महामंत्री, उमराव लाल वर्मा को प्रदेश संगठन मंत्री, कैलाश चंद्र कच्छावा को प्रदेश कोषाध्यक्ष, लक्ष्मी स्वामी को प्रदेश महिला उपाध्यक्ष, अमरजीत सिंह राठौड़ को प्रदेश मंत्री (पुरुष) तथा गीता जेलिया को प्रदेश मंत्री (महिला) निर्वाचित किया गया।
नई कार्यकारिणी में शेखावाटी क्षेत्र से संपत सिंह के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा चूरू संभाग से श्याम सुंदर स्वामी के संभाग उपाध्यक्ष पद पर मनोनयन से शेखावाटी अंचल में उत्साह का वातावरण रहा। शिक्षक समाज एवं संगठन कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
बैठक के समापन सत्र में राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण लाल गुप्ता ने “नई शिक्षा नीति : चुनौतियाँ, क्रियान्वयन एवं समाधान” विषय पर उद्बोधन देते हुए कहा कि नई शिक्षा नीति भारतीय ज्ञान परंपरा, कौशल विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने इसके सफल क्रियान्वयन के लिए शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी, सतत प्रशिक्षण, नवाचार और समाज के सहयोग को आवश्यक बताया।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री महेंद्र कपूर ने संगठनात्मक आत्मीयता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रवासी कार्यकर्ता को केवल औपचारिक भेंट तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कार्यकर्ताओं एवं उनके परिवारों के साथ आत्मीय संबंध स्थापित कर संगठन को परिवार के रूप में मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति कार्यकर्ताओं के समर्पण, विश्वास एवं पारस्परिक सहयोग में निहित है।
बैठक में संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण की दिशा में विभिन्न प्रकोष्ठों एवं संभागीय दायित्वों की भी घोषणा की गई। सीकर जिले से सुशीला कस्वा को प्रदेश संयोजक (महिला प्रकोष्ठ), यशवंत सिंह को संयुक्त मंत्री (पुरुष) चूरू संभाग, सारिका (नीम का थाना) को संयुक्त मंत्री (महिला) चूरू संभाग, राकेश कुमार शर्मा को सह-संयोजक (प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ) तथा प्रभु दयाल सैनी को सदस्य (प्रदेश मीडिया प्रकोष्ठ) का दायित्व सौंपा गया।
इन नियुक्तियों पर जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह, जिला मंत्री रामलाल, अतिरिक्त जिला मंत्री सनत कुमार शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष बिहारी सिंह कविया, जिला महिला मंत्री नीतू शर्मा, जिला महिला सचिव सुशीला रेवाड़ सहित समस्त जिला कार्यकारिणी एवं संगठन कार्यकर्ताओं ने नवदायित्ववान पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दीं।
दो दिवसीय प्रदेश साधारण सभा का समापन संगठन की एकजुटता, शिक्षक सम्मान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, राष्ट्र निर्माण एवं समाजहित में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित प्रतिनिधियों ने संगठन के आगामी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुँचाने तथा शिक्षा जगत में सकारात्मक परिवर्तन के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।

Comments are closed.