रोटरी फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर का भव्य उद्घाटन जनसेवा की अभिनव पहल को मिली व्यापक सराहना

रोटरी फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर का भव्य उद्घाटन जनसेवा की अभिनव पहल को मिली व्यापक सराहना

रोटरी फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर का भव्य उद्घाटन जनसेवा की अभिनव पहल को मिली व्यापक सराहना

सीकर

रोटरी क्लब सीकर के आर्थिक सहयोग से शेखावाटी जनाना अस्पताल परिसर में स्थापित फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर का उद्घाटन समारोह रविवार को अत्यंत गरिमामय, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों, समाजसेवियों, रोटरी सदस्यों तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति ने समारोह को विशेष गरिमा प्रदान की। समारोह केवल एक स्वास्थ्य परियोजना के शुभारम्भ तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना का सशक्त प्रतिरूप बनकर उभरा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राजेन्द्र पारीक, पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, नगर परिषद के पूर्व सभापति जनाब जीवन खां तथा रोटरी के पूर्व प्रांतपाल डॉ. बलवन्त सिंह चिराणा रहे। सभी अतिथियों ने इस अभिनव स्वास्थ्य परियोजना की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताया।

अपने संबोधन में विधायक राजेन्द्र पारीक ने कहा कि रोटरी क्लब सीकर ने गत 26-27 वर्षों में सेवा के जो आयाम स्थापित किए हैं, वे समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने विशेष रूप से वर्ष 2000 से निरंतर संचालित मासिक सर्जिकल शिविरों को अनुकरणीय सेवा गतिविधि बताते हुए कहा कि पूर्व में कल्याण आरोग्य सदन, सांवली तथा वर्तमान में राठी अस्पताल में आयोजित इन शिविरों से तीन-चार जिलों के हजारों रोगी लाभान्वित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नवस्थापित रोटरी शेखावाटी फिजियोथेरेपी एवं रिहैबिलिटेशन सेंटर आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण केंद्र सिद्ध होगा, जहाँ उपलब्ध रोबोटिक स्पाइन डीकंप्रेशन और टेकार थेरेपी जैसी अत्याधुनिक तकनीकें राजस्थान के चुनिंदा संस्थानों में ही उपलब्ध हैं। इन सुविधाओं से आमजन, विशेषकर मध्यम एवं जरूरतमंद वर्ग, को बड़ी राहत मिलेगी। कार्यक्रम का शुभारम्भ सुनील मोर के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने इस परियोजना की परिकल्पना, स्थापना और इसके सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह केंद्र सेवा-संकल्प और सामूहिक सहयोग का परिणाम है।

डॉ. बलवन्त सिंह चिराणा ने अपने उद्बोधन में अपने गवर्नर कार्यकाल से लेकर इस केंद्र की स्थापना तक की यात्रा साझा करते हुए इसे रोटरी परिवार की सामूहिक प्रतिबद्धता का साकार स्वरूप बताया। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाना रोटरी का मूल उद्देश्य रहा है और यह केंद्र उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

डॉ. जी.एल. राठी ने रोटरी द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी और परोपकारी कार्यों का विस्तृत उल्लेख करते हुए संगठन की सेवा परंपरा पर प्रकाश डाला।

रतनलाल जलधारी ने वर्ष 2013 में आयोजित ऐतिहासिक राहत-4 मेगा मेडिकल कैंप का स्मरण करते हुए बताया कि उस शिविर में 20 हजार से अधिक लोगों की जांच तथा 1150 से अधिक ऑपरेशन किए गए थे, जो अपने आप में अभूतपूर्व उपलब्धि रही। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ने सदैव सेवा को प्राथमिकता दी है। जनाब जीवन खां ने इस केंद्र को समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्ग के लिए वरदान बताते हुए रोटरी क्लब को बधाई दी। उन्होंने अपने कार्यकाल में इसी परिसर में स्थापित रोटरी क्लॉक टावर का स्मरण करते हुए कहा कि रोटरी द्वारा परिसर में जो योगदान दिए गए हैं, वे स्थायी जनहित के उदाहरण हैं।

जनकल्याण समिति के अध्यक्ष कैलाश मोदी ने केंद्र के सफल संचालन के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा कि यह केंद्र उत्कृष्ट पुनर्वास सेवाओं के माध्यम से मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने के लिए समर्पित रहेगा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अमरसिंह कविया ने किया। उन्होंने रोटरी इंटरनेशनल की वैश्विक सेवा परंपरा, मानव कल्याण हेतु संचालित कार्यक्रमों तथा पोलियो उन्मूलन में रोटरी और यूनिसेफ की भूमिका पर प्रकाश डाला। अंत में गौरव सोमानी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

गणमान्य नागरिकों एवं रोटरी सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति

समारोह में पवन मोदी, डॉ. वी.के. जैन, ईश्वर सिंह राठौड़, चितरंजन सिंह राठौड़, कांतिप्रसाद पंसारी, पन्नालाल सारडा, शेरसिंह सुण्डा, राजेन्द्र खण्डेलवाल, पशुपति शर्मा, आर. के. लाटा, महेश होलानी, डॉ. राजेश शर्मा, रामप्रसाद मिश्रा, महावीर पुरोहित, डॉ. एन.एम. गोयल, डॉ. आर.सी. अग्रवाल, रतनसिंह पिलानिया, भंवर सिंह शेखावत, मणिशंकर काबरा, संजय मोर, गोपाल बियानी, गोपाल सोमानी, मदनलाल भामूं, दिलीप पारीक, राजीव शर्मा, बी.एल. सोनी, प्रदीप निरानिया सहित अनेक संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

रोटरी क्लब सीकर की ओर से अध्यक्ष धीरज कंवर, डॉ. दीपक गर्ग, डॉ. जितेंद्र कपोलिया, डॉ. अंकुश राठी, डॉ. अनीता राठी, सीए संजय कुमावत, रमेश गोयल, दिनेश बियानी, जगदीश कुमावत, लक्ष्मीकांत बियानी, किशोर पारीक, डॉ. प्रकाश सोनी, विनोद खंडेलवाल, समीर भार्गव, मीनाक्षी भार्गव, बजरंग सर्राफ, प्रमोद सर्राफ, विकास काबरा, राजश्री सोमानी सहित अनेक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सेवा, समर्पण और सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण

यह उद्घाटन समारोह केवल एक स्वास्थ्य परियोजना का शुभारम्भ नहीं, बल्कि रोटरी क्लब सीकर की सतत जनसेवा, सामाजिक प्रतिबद्धता और मानवीय सरोकारों का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा। अत्याधुनिक उपचार सुविधाओं से युक्त यह केंद्र निश्चित रूप से शेखावाटी अंचल के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की नई दिशा तय करेगा और रोटरी की “स्वयं से ऊपर सेवा” की भावना को सार्थक रूप से मूर्त रूप देगा।

 

 

 

Comments are closed.