विश्व उपभोक्ता दिवस पर विचार गोष्ठी आयोजित
सीकर
विश्व उपभोक्ता दिवस के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार में जिला रसद विभाग एवं जिला उपभोक्ता जागरण समिति के संयुक्त तत्वावधान में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में उपभोक्ताओं के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया। वरिष्ठ अधिवक्ता पुरुषोत्तम शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित गोष्ठी में उपभोक्ता मंचों में सदस्यों की कमी के कारण मामलों के निस्तारण में हो रही देरी पर चिंता व्यक्त की गई। जिला उपभोक्ता जागरण समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण सिखवाल ने सीकर जिले के सभी विद्यालयों में उपभोक्ता क्लबों को पुनर्जीवित करने की आवश्यकता बताते हुए युवाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने खाटूश्यामजी एवं जीणमाताजी जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों पर प्रसाद सामग्री की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी विचार व्यक्त किए तथा इस दिशा में प्रभावी निगरानी और कार्रवाई की जरूरत बताई। व्यापार संघ के महामंत्री एवं कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि प्रदीप पारीक ने उपभोक्ता जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। व्यापार संघ अध्यक्ष अरुण भूकर ने व्यापारियों से उपभोक्ताओं के हितों को ध्यान में रखते हुए पारदर्शिता और गुणवत्ता बनाए रखने का आह्वान किया। इतिहासकार महावीर पुरोहित ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए वर्तमान समय में उपभोक्ता जागरूकता को सशक्त बनाने की आवश्यकता बताई। एडवोकेट मुकेश सिखवाल ने धार्मिक स्थलों पर प्रसाद सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की। इस अवसर पर कंज्यूमर फेडरेशन ऑफ इंडिया की सीकर जिलाध्यक्ष तृप्ति त्रिपाठी ने इस वर्ष की राष्ट्रीय थीम “सेफ प्रोडक्ट, कॉन्फिडेंट कंज्यूमर” (सुरक्षित उत्पाद, आत्मविश्वासी उपभोक्ता) पर विस्तार से जानकारी दी और उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पादों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। जिला रसद विभाग के प्रवर्तन अधिकारी जयराम गुर्जर ने बताया कि जिले की सभी 55 गैस एजेंसियों पर एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त उपलब्धता है तथा किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अनावश्यक बुकिंग या जमाखोरी से बचने तथा ई-केवाईसी करवाने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में प्रवर्तन अधिकारी सुनीता वर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर विनोद नायक, भवानी शंकर, मोहम्मद फारूक, शक्ति सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Comments are closed.