मृतक होम गार्डस् सदस्य के परिवार को कमाण्डेन्ट ने दी आर्थिक सहायता

होमगार्ड विभाग में कार्यरत सदस्य सांवरमल (सदस्य संख्या-95) के आकस्मिक निधन के बाद विभाग द्वारा मानवीय संवेदनाओं के तहत उनके परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया

होमगार्ड विभाग में कार्यरत सदस्य सांवरमल (सदस्य संख्या-95) के आकस्मिक निधन के बाद विभाग द्वारा मानवीय संवेदनाओं के तहत उनके परिवार को आर्थिक सहयोग प्रदान किया गया। होमगार्ड कमाण्डेन्ट राजेश यादव ने जानकारी दी कि 9 नवंबर 2025 को सांवरमल का अचानक देहांत हो गया था, जिससे परिवार पर गहरा आघात पड़ा। इस कठिन समय में केन्द्र के स्टाफ और स्वयंसेवकों ने एकजुट होकर सहयोग का निर्णय लिया और स्वैच्छिक योगदान के माध्यम से सहायता राशि एकत्र करने की पहल की।

कमान्डेन्ट के अनुसार 8 जनवरी 2026 को केन्द्र के स्टाफ एवं स्वयंसेवकों द्वारा स्वेच्छा से कुल 94,801 रुपये की राशि एकत्र कर मृतक के परिजनों को सौंपी गई। इस अवसर पर शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया गया और विभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया। उन्होंने बताया कि गृह रक्षा विभाग में स्वयंसेवकों के कल्याण के लिए कई व्यवस्थाएं लागू हैं, जिनके तहत मृत्यु की स्थिति में आश्रितों को विभागीय कल्याण निधि से नियमानुसार आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। राजेश यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि मृतक सांवरमल के आर्थिक सहायता से संबंधित प्रकरण को निदेशालय, गृह रक्षा, जयपुर को भेजा जा चुका है, ताकि नियमानुसार आगे की सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जा सके। इस दौरान केन्द्र के अधिकारी, कम्पनी कमाण्डर, सहायक प्रशासनिक अधिकारी, प्लाटून कमाण्डर, स्वयंसेवक तथा कार्यालय स्टाफ सहित बड़ी संख्या में होमगार्ड स्वयंसेवक उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि विपरीत परिस्थितियों में विभाग अपने हर सदस्य और उनके परिवार के साथ खड़ा है।

Comments are closed.