युवक का अपहरण और मारपीट: प्रेम त्रिकोण का मामला, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार….
झुंझुनू के अग्रसेन सर्किल से 15 अक्टूबर को एक युवक का अपहरण कर उसके साथ की गई मारपीट
झुंझुनू के अग्रसेन सर्किल से 15 अक्टूबर को एक युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में उपयोग की गई कार भी जब्त कर ली है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का मामला सामने आया है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
अपहरण और मारपीट की घटना
कोतवाली थाने के प्रभारी पवन चौबे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक (21), पुत्र प्रमोद सिंह, किठाना गांव का निवासी है। अभिषेक ने 15 अक्टूबर को अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर दोपहर 2:30 बजे नेहरा की ढाणी, सुलताना निवासी अंकित नेहरा का अपहरण कर लिया। आरोपी अंकित को कार में डालकर अलग-अलग रास्तों से घुमाते रहे और इस दौरान उसके साथ बुरी तरह मारपीट करते रहे। देर रात को आरोपियों ने अंकित को इस्माइलपुर गांव के पास एक सुनसान स्थान पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए।
परिवार की शिकायत पर कार्रवाई
इस घटना की सूचना अंकित के भतीजे सुनील कुमार ने कोतवाली थाने में दी थी। सुनील ने बताया कि अंकित अपने तीन दोस्तों के साथ किसी काम से अग्रसेन सर्किल गया था। दोपहर में, अंकित के दोस्त आदित्य के पास एक फोन आया, जिसमें झगड़े की आवाजें आ रही थीं। इसके बाद जब अंकित को कॉल किया गया, तो उसका फोन बंद था। कुछ देर बाद व्हाट्सएप पर एक मैसेज आया जिसमें अंकित ने मदद की गुहार लगाई। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और जिलेभर में नाकाबंदी करवा दी। पुलिस ने कार को जब्त करते हुए एक आरोपी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
प्रेम त्रिकोण था विवाद का कारण
मामले की जांच कर रहे एएसआई मुलायम सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में प्रेम त्रिकोण का मामला सामने आया है। करीब पांच साल पहले काम के सिलसिले में उड़ीसा गए अभिषेक की प्रेमिका की दोस्ती इस बीच अंकित नेहरा से हो गई थी। इस बात का पता चलने पर अभिषेक ने अंकित को प्रेमिका से दूर रहने की चेतावनी दी थी। अभिषेक ने अपनी प्रेमिका के जरिए अंकित को फोन करवाकर झुंझुनू बुलवाया। जब अंकित वहां पहुंचा, तो पहले से तैयार अभिषेक और उसके साथियों ने उसे घेर लिया और मारपीट कर अपहरण कर लिया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
कोतवाली पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Comments are closed.