सीकर में भाजपा नेता पर जानलेवा हमला, चुनावी रंजिश में गंभीर चोटें…

लाठी-सरियों से हमला कर भाजपा मंडल अध्यक्ष बाबूलाल दुल्लड़ को बुरी तरह घायल किया, पुलिस जुटी आरोपियों की तलाश में

सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के बाटड़ानाऊ गांव में शुक्रवार रात भाजपा जाजोद ब्लॉक मंडल अध्यक्ष बाबूलाल दुल्लड़ पर जानलेवा हमला हुआ। वे स्कूटी पर खेत से लौट रहे थे, तभी पूर्व सरपंच हंसराज और उनके साथियों ने चार-पांच गाड़ियों में उनका पीछा किया।

घटना के दौरान हमलावरों ने उनकी स्कूटी को टक्कर मारकर गिरा दिया और लाठी-सरियों से उन पर बेरहमी से हमला किया। हमले में उनके दोनों पैर और एक हाथ टूट गए, साथ ही सिर पर भी गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उन्हें सीकर के एसके हॉस्पिटल में ICU में भर्ती कराया गया है।

एसपी का बयान:
एसपी भुवन भूषण यादव ने कहा कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। तीन-चार थानों के अधिकारियों और डीएसटी टीम को आरोपियों की धरपकड़ के लिए तैनात किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर जाकर जांच की और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई है।

भाजपा नेताओं का अस्पताल में जमावड़ा:
भाजपा नेता सुमेधानंद सरस्वती, सुभाष महरिया, दिनेश जोशी, और नेता प्रतिपक्ष अशोक चौधरी समेत कई कार्यकर्ता बाबूलाल दुल्लड़ का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे। घटना के विरोध में नेताओं ने मांग की कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

Comments are closed.