कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर साधा निशाना…
सीकर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप, भाजपा सरकार विफल
सीकर में कांग्रेस की पूर्व मंत्री शकुंतला रावत ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा पूरी तरह से विफल हो चुकी है। रोजगार, कानून व्यवस्था, और किसानों को बिजली की कमी सहित कई मुद्दों पर भाजपा की सरकार नाकाम रही है। रावत ने आरोप लगाया कि भाजपा ने एक साल का जश्न मनाया, लेकिन उनके पास जनता को दिखाने के लिए कोई सकारात्मक कार्य नहीं हैं।
रावत ने कहा कि अगर गहलोत 15 साल तक मुख्यमंत्री रहते, तो सरकारी कर्मचारियों की ट्रांसफर पॉलिसी पहले ही बन चुकी होती। उन्होंने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती करने की मांग उठाई, यह कहते हुए कि केंद्र और राज्य दोनों जगह भाजपा की सरकार है, जबकि पड़ोसी राज्य में इनकी कीमतें कम हैं।
कांग्रेस की संभाग प्रभारी नसीम अख्तर ने भाजपा पर प्रदेश में भाईचारे को खत्म करने का आरोप लगाया और गृह मंत्री अमित शाह द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर पर की गई टिप्पणी के लिए माफी की मांग की। जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने नवलगढ़ रेलवे ओवरब्रिज और किसानों से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना की। साथ ही नगर परिषद में पट्टों के नाम पर वसूली को लेकर भी भाजपा पर आरोप लगाए।
विधायक राजेंद्र पारीक और विधायक सुरेश मोदी ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला और कहा कि कांग्रेस सरकार की योजनाओं को पूरा करने का काम भाजपा को करना चाहिए। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे, जिनमें जिला प्रभारी विशाल जांगिड़, विधायक, और अन्य कांग्रेस पदाधिकारी शामिल थे।
Comments are closed.