सहकार से समृद्धि कार्यक्रम: नवगठित सहकारी समितियों का शुभारंभ…

अमित शाह की उपस्थिति में जिले में कई नई समितियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र वितरित

सहकारिता मंत्रालय द्वारा आयोजित “सहकार से समृद्धि” कार्यक्रम के तहत बुधवार को दस हजार नवगठित बहुउद्देश्यीय पैक्स, डेयरी और मत्स्य सहकारी समितियों का शुभारंभ हुआ। यह राष्ट्रीय कार्यक्रम दिल्ली में हुआ, जबकि झुंझुनूं जिले में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन कलेक्टर रामावतार मीणा की उपस्थिति में सूचना केंद्र सभागार में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह रहे।

समारोह में केंद्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप शर्मा ने जिले की नवगठित ग्राम सेवा सहकारी समितियों के पदाधिकारियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र वितरित किए। इस मौके पर शिवसिंहपुर, धीमा की ढाणी और खरबासों की ढाणी की डेयरी सहकारी समितियों को पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही, राजस्थान गोपालन क्रेडिट कार्ड योजना के तहत दो गोपालकों को एक-एक लाख रुपए का पशुपालन ऋण वितरित किया गया।

इसके अतिरिक्त, खाजपुर नया और लालपुर समितियों के सदस्यों को चेक वितरित किए गए, जबकि इंडाली और मालसर ग्राम सेवा सहकारी समितियों को माइक्रो एटीएम दिए गए। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यक्रम अधिकारी कैलाशचंद्र शर्मा, संयुक्त निदेशक घनश्याम गोयल, बैंक की अधिशाषी अधिकारी सुमन चाहर, वसूली अधिकारी दीपेंद्र सिंह शेखावत समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Comments are closed.