जिले में घना कोहरा जारी, राहत मिलने की संभावना नहीं…

अगले दो दिनों तक तापमान में गिरावट जारी, सर्दी बढ़ी

अगले दो दिनों तक कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है। सुबह 11 बजे तक कोहरा छाया रहा, जिससे दिल्ली-बीकानेर, दिल्ली-जोधपुर सहित कई ट्रेनें लेट हुईं। सड़कों पर वाहन भी धीमी गति से चल रहे थे। कोहरे के साथ सर्द हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई। चूरू मौसम विभाग ने सुबह आर्द्रता 100 फीसदी और कोहरे की दृश्यता 50 मीटर तक आंकी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 17.8 डिग्री व न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री रहा, जबकि बुधवार को अधिकतम तापमान 20.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री था। 24 घंटे में रात के तापमान में 4.3 डिग्री वृद्धि और दिन के तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।

22 जनवरी तक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना : जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अगले 4-5 दिन तक मौसम शुष्क रहेगा तथा 2-3 दिन तक कोहरा रहेगा। जिले में अगले दो दिन अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि चूरू सहित कई जिलों में दो दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम रह सकता है। 22 जनवरी तक एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है।

Comments are closed.