दांतारामगढ़ में गाड़ी दिलवाने के नाम पर लूट, 4 लाख रुपए की डील फर्जी साबित हुई…
बदमाशों ने पीड़ित को जान से मारने की भी दी धमकी
सीकर के दांतारामगढ़ इलाके में गाड़ी दिलवाने के नाम पर लूट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने गाड़ी की डिलीवरी देने के बहाने चार लाख रुपए लूट लिए और पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी।
नुवा निवासी बिरादाराम ने दांतारामगढ़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई, जिसमें उन्होंने बताया कि वह सेना से रिटायर्ड हैं और उन्हें एक कैंपर गाड़ी की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में उनका कांटेक्ट राजूराम, निवासी डीडवाना से हुआ, जिसने उन्हें बताया कि दांतारामगढ़ क्षेत्र में उसकी जान पहचान वाले हैं जो वहां से गाड़ी दिलवा देंगे। राजूराम ने बिरादाराम का नंबर अपने जान पहचान वालों को दिया।
इसके बाद बिरादाराम के पास रतन, नोनू, मुकेश और जयवीरपाल का कॉल आया, जिन्होंने उसे कैंपर गाड़ी दिखाने के लिए दांतारामगढ़ बुलाया। इन सभी ने झाड़ली तलाई तन दांता के पास गाड़ी दिखाकर 4.35 लाख रुपए में डील तय की, जिसमें बिरादाराम ने 35 हजार रुपए एडवांस भी दिए।
इसके बाद इन सभी लोगों ने 4 लाख रुपए लेकर बिरादाराम को करड़ गांव की ओर बुलाया। वहां पर कोई गाड़ी नहीं दिखी और कुछ देर बाद एक स्विफ्ट गाड़ी में दो-तीन लोग आए। इन लोगों ने और साथ में मौजूद राजूराम, नोनू, मुकेश ने 4 लाख रुपए छीन लिए। बदमाशों ने बिरादाराम को बंदूक दिखाकर जान से मारने की भी धमकी दी।
फिलहाल, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और दोषियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
Comments are closed.