सीकर में पटवारियों का आक्रोश प्रदर्शन…

पटवारियों ने कलेक्ट्रेट पर किया आक्रोश रैली, राज्य सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

 

राजस्थान पटवार संघ के प्रदेशव्यापी आह्वान पर आज सीकर जिला कलेक्ट्रेट पर पटवारियों ने 10 सूत्री मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पटवारियों ने डाक बंगला से लेकर, स्टेशन रोड और कल्याण सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट तक आक्रोश रैली निकाली। इस दौरान पटवारियों ने कलेक्ट्रेट के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाए।

सीकर पटवार संघ के जिलाध्यक्ष शीशराम चाहर ने बताया कि प्रदेश भर के पटवारी 10 सूत्री लंबित मांगों को लेकर 13 जनवरी से कार्य बहिष्कार कर रहे हैं और सरकार के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकार पूर्व में किए गए समझौते को अभी तक लागू नहीं कर रही है, जिसके चलते प्रदेश के पटवारियों में आक्रोश है।

पटवारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सरकार उनकी 10 सूत्री मांगें नहीं मान लेती तब तक पेन डाउन हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सरकार मांग नहीं मानती है, तो जयपुर में बड़ा आंदोलन कर आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी और चक्का जाम किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी राज्य सरकार की होगी।

इन मांगों के निस्तारण की मांग की गई है:

  1. पटवारी पद को तकनीकी पद घोषित कर ग्रेड पे 3600 (एल-10) किया जाए।
  2. गिरदावरी ऐप में पटवार संघ के ज्ञापन अनुसार अपेक्षित आवश्यक संशोधन करवाया जाए।
  3. 1035 नवीन पटवार मंडलों की घोषणा व वित्तीय स्वीकृति जारी की जाए।
  4. लम्बित / रिव्यू DPC का आयोजन करवाया जाए।
  5. नव सृजित भू अभिलेख निरीक्षक पदों की पत्रावली लम्बित है उसे भरा जाए।
  6. पटवारियों को स्टोरेज का टेबलेट / लैपटॉप मय प्रिन्टर, इंटरनेट सुविधा के साथ उपलब्ध करवाया जाए।
  7. भू अभिलेख निरीक्षक से नायब तहसीलदार पद की पदोन्नति कोटा बढ़ाया जाए।
  8. तहसीलदार पद पर मंत्रालयिक संवर्ग के कोटे का पुनर्निर्धारण किया जाए।
  9. वरिष्ठता सूची को निरस्त कर combine cadre की सूची जारी की जाए।
  10. हार्ड ड्यूटी एवं स्टेशनरी भत्तों में बढ़ोतरी की जाए।

Comments are closed.