कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश…
कलेक्टर ने जल आपूर्ति, एमओयू क्रियान्वयन, और पेंशन मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए
कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को साप्ताहिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं से संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। कलेक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता को रींगस में जलदाय विभाग की पाइप लाइनों के लीकेज की मरम्मत और दूषित पानी की आपूर्ति की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
उन्होंने राइजिंग राजस्थान के तहत जिले में हुए एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए भी निर्देश दिए। साथ ही, सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन मामलों के त्वरित निस्तारण की बात कही। एडीएम रतन कुमार ने संपर्क पोर्टल और ई-फाइल पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
एडीएम शहर भावना शर्मा ने लाइट्स पोर्टल के प्रकरणों में स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा और आबकारी विभाग से रिप्लाई फाइल अपडेट करने का निर्देश दिया। जिला परिषद सीईओ राजपाल यादव ने सांसद और विधायक क्षेत्र विकास योजना के तहत भू-आवंटन कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। बैठक में सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया, एसई पीडब्ल्यूडी जेपी यादव, एडीपीसी राकेश कुमार लाटा, एसई बिजली निगम अरुण जोशी, डीएफओ गुलजारीलाल, और डीटीओ ताराचंद बंजारा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
Comments are closed.