सीकर में बस हादसा, किशोर की मौत, 10 घायल…
परिजनों ने मुआवजा और सड़क मरम्मत की मांग को लेकर दिया धरना
सीकर के सदर थाना क्षेत्र में आज सुबह एक तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 16 वर्षीय राहुल सैन की दर्दनाक मौत हो गई और 10 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज एसके अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद मृतक के परिजन मुआवजे और सड़क सुधार की मांग को लेकर मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए।
घटना सुबह 9:05 बजे सीकर-कुचामन स्टेट हाईवे पर हुई। लोसल से सीकर आ रही बस के सामने अचानक एक बाइक आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में बस चालक ने वाहन नीचे उतारा, लेकिन एक्सल टूटने से बस बेकाबू होकर काशी गांव के पास पलट गई।

स्थानीय लोगों ने शुरू में घायलों की संख्या अधिक बताई, लेकिन प्रशासन ने 10 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। सूचना पर धोद एसडीएम राहुल मल्होत्रा समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
माकपा नेता महावीर ने दुर्घटना के लिए खराब सड़क को जिम्मेदार ठहराया और आरोप लगाया कि टोल रोड होने के बावजूद सड़क की हालत बदतर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने पिछले एक साल में कई बार सड़क सुधार की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
राहुल के परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था, और उसके माता-पिता मजदूरी कर उसकी शिक्षा का खर्च उठा रहे थे। ऐसे में परिजन मुआवजे, सड़क मरम्मत और जब तक सड़क ठीक नहीं होती, टोल वसूली बंद करने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हैं।
Comments are closed.