खाटूश्यामजी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने ली बैठक

खाटूश्यामजी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने ली बैठक

खाटूश्यामजी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने ली बैठक

सीकर

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने रविवार को खाटूश्यामजी स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में जिला स्तरीय अधिकारियों एवं संबंधित हितधारकों के साथ बैठक कर श्रीखाटूश्यामजी मंदिर क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने तथा विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कलेक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को खाटू से लामियां तक 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही नगर पालिका, मंदिर कमेटी एवं अन्य संबंधित एजेंसियों को भीड़ नियंत्रण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए समन्वित कार्ययोजना बनाने को कहा।

उन्होंने कहा कि खाटू में प्रस्तावित रोपवे को लेकर एक बार फिर नए सिरे से विचार किया जाएगा।
खाटू में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सीवरेज और ड्रेनेज की विशेष जरूरत है।
उन्होंने यातायात व्यवस्था में सुधार करते हुए कानपुर धर्मशाला से राजू की चेन तक सुव्यवस्थित निकासी मार्ग विकसित करने के निर्देश दिए। नगर पालिका क्षेत्र में इंदौर मॉडल के आधार पर वेंडिंग एवं नॉन-वेंडिंग जोन चिन्हित करने, अवैध ठेला संचालन पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखते हुए नोडल अधिकारी को सूचना भेजकर संबंधित का चालान करने तथा राजस्व में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने नगर पालिका क्षेत्र में बरसाती पानी की निकासी के लिए सूरत मॉडल पर आधारित वाटर रिचार्ज स्ट्रक्चर विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पंच गौरव योजना के तहत स्वीकृत 2.5 करोड़ रुपये की राशि का उपयोग खाटू में पार्क, स्वागत कक्ष एवं अन्य विकास कार्यों में करने को कहा। इसके साथ ही टूटी सड़कों की मरम्मत, जल निकासी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा जलदाय विभाग को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में स्वदेश दर्शन योजना 2.0 के क्रियान्वयन तथा रींगस से खाटू तक प्रस्तावित रिंग रोड की आगामी कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत ने कहा कि खाटूश्यामजी में बढ़ते यातायात दबाव तथा श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाने के लिए डीजीपी को पत्र लिखा गया है, एक सप्ताह में अतिरिक्त पुलिस जाब्ते की व्यवस्था हो जाएगी। वहीं, यातायात थाने का प्रस्ताव भिजवाया गया है। उन्होंने बताया​ कि यातायात प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाने की व्यवस्था की गई है।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, मेला मजिस्ट्रेट एवं उपखंड अधिकारी दांतारामगढ़ मोनिका सामौर, रींगस उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रींगस दीपक गर्ग, श्री श्याम मंदिर कमेटी के मंत्री मानवेंद्र चौहान एवं व्यवस्थापक संतोष शर्मा, थानाधिकारी खाटू पवन चौबे, खाटूश्यामजी नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ओमप्रकाश चौधरी, डीएसपी खाटूश्यामजी आनंद राव, एसई पीडब्ल्यूडी जे.पी. यादव, एसई एवीवीएनएल सुभाष देवंदा, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के उपनिदेशक डॉ. अनिल शर्मा, सहायक निदेशक जनसंपर्क पूरणमल, जिला परिवहन अधिकारी ताराचंद बंजारा, सहायक पर्यटन अधिकारी आनंद भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहें।

abtakhindi khabarhindi newsrajasthanshekhawati newsSikarsikar hindi newssikar khabarSIKAR NEWSsikar update