भादवाडी में रात्रि चौपाल का आयोजन
जिला कलेक्टर मोदी ने सुनी आमजन की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
सीकर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने बुधवार को खण्डेला पंचायत समिति की ग्राम पंचायत भादवाडी में रात्रि चौपाल आयोजित कर आमजन की समस्याएँ सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर ने शिक्षा विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, स्वास्थ्य विभाग, सहकारिता, पंचायती राज विभाग, पशुपालन, राजस्व, कृषि विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की स्टालों का अवलोकन किया और विभागीय अधिकारियों द्वारा दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली।
रात्रि चौपाल में जलदाय, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, विद्युत, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, राजस्व, कृषि, पशुपालन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपनी-अपनी जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। चौपाल में पेयजल, विद्युत, सड़क, अतिक्रमण, सामाजिक न्याय, पंचायती राज, आदि विभागों से संबंधित 82 प्रकरण प्राप्त हुए। जिला कलेक्टर ने सभी प्रकरणों के त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुसार अधिकारी परिवादियों की समस्या को अपनी समस्या समझते हुए परिवादी की समस्या को समय बद्धता के साथ तत्काल निस्तारण करें।
जिला कलेक्टर मोदी ने कहा कि ग्राम पंचायत एवं पंचायत समिति स्तर के सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करें।
इस अवसर पर खण्डेला एसडीएम ज्योत्सना खेडा, एक्सईएन राम कुमार चाहिल, जिला रसद अधिकारी विजेन्द्र पाल, बीडीओ सहित जिला व उपखंड स्तर के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहें
Comments are closed.