राजस्थान को तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम में विश्व स्तर पर मिला प्रथम सम्मान, डब्ल्यूएचओ ने राजस्थान के उत्कृष्ट प्रयासों को सराहा

राजस्थान को तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम में विश्व स्तर पर मिला प्रथम सम्मान, डब्ल्यूएचओ ने राजस्थान के उत्कृष्ट प्रयासों को सराहा

सीकर

राजस्थान ने तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा वर्ष 2026 के ‘वर्ल्ड नो टोबैको डे अवॉर्ड’ के तहत राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए विश्व स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया है। दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में राजस्थान को यह प्रतिष्ठित सम्मान डब्ल्यूएचओ द्वारा वर्ष 2025-26 में तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर दिया गया है।

यह सम्मान राज्य सरकार की जन स्वास्थ्य के प्रति प्रतिबद्धता, प्रभावी नीतियों तथा तम्बाकू मुक्त राजस्थान के संकल्प का परिणाम है। राज्य सरकार आमजन विशेषकर युवाओं को तम्बाकू के दुष्प्रभावों से बचाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है। यह सम्मान चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, चिकित्सा कर्मियों एवं सामाजिक संगठनों के सामूहिक प्रयासों का प्रतिफल है।

राजस्थान बना तम्बाकू मुक्ति का मॉडल – चिकित्सा मंत्री

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर ने कहा कि राजस्थान ने तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में देशभर में एक मॉडल स्थापित किया है। राज्य में तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श सेवाओं का व्यापक विस्तार किया गया है, जिसका लाखों लोगों को लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी जनजागरूकता और प्रभावी कानून प्रवर्तन के माध्यम से तम्बाकू नियंत्रण अभियान को और मजबूत करेगी।

प्रमुख शासन सचिव ने की सराहना

राज्य स्तर से बुधवार को आयोजित वीडियो कान्फ्रेंस में विभाग की प्रमुख शासन सचिव श्रीमती गायत्री राठौड़ ने कहा कि दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में राजस्थान को यह प्रतिष्ठित सम्मान डब्ल्यूएचओ द्वारा वर्ष 2025-26 में तम्बाकू नियंत्रण के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर दिया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा राजस्थान को वर्ष 2026 के ‘वर्ल्ड नो टोबैको डे अवॉर्ड’ के तहत चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य के लिए विश्व स्तरीय सम्मान दिए जाने पर प्रदेश के सभी सीएमएचओ, डिप्टी सीएमएचओ के कार्य की सराहना की।

कार्यक्रम के नोडल अधिकारी व संयुक्त निदेशक डॉ एसएन धौलपुरिया ने बताया कि राज्य में ब्लॉक स्तर तक 500 से अधिक तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों को जियो-टैग कर आमजन की सुविधा के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया गया है ताकि जरूरतमंद व्यक्ति निकटतम केंद्र तक आसानी से पहुंच सके। साथ ही, ‘सिगरेट एवं अन्य तम्बाकू उत्पाद अधिनियम-2003’ तथा ‘इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम-2019’ के तहत प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया ने बताया जिला मुख्यालय पर श्री कल्याण अस्पताल तथा नीमकाथाना के जिला अस्पताल में संचालित तम्बाकू मुक्ति उपचार एवं परामर्श केन्द्र में आमजन को तम्बाकू सेवन से पड़ने वाले सामाजिक व आर्थिक नुकसान बारे में जानकारी देते हुए छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाता है। विभाग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तम्बाकू निषेध से जुड़े संदेश अपडेट्स, शेयरिंग कर व्यापक स्तर पर अभियान चलाए गए। जिले के विद्यालयों में ‘तम्बाकू मुक्त विद्यालय’ संबंधी निर्देशों की पालना सुनिश्चित कराई गई तथा लगभग जनजागरूकता गतिविधियां जैसे नुक्कड़ नाटक, प्रतियोगिताएं एवं रैलियां आदि का आयोजन किया जा रहा है। तम्बाकू मुक्त ग्राम अभियान को भी प्रभावी रूप से आगे बढ़ाया जा रहा है तथा इसे आयुष्मान आदर्श ग्राम योजना से जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने सीकर जिले की टीम को बधाई देते हुए जिला व ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, एनएचएम कर्मियों, एएनएम, आशा, सीएचओ तथा सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को आमजन की सेवा ऐसे ही करने के लिए प्रेरित किया।

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ निर्मल सिंह ने बताया कि डब्ल्यूएचओ द्वारा विश्वभर के देशों को 6 रीजन्स यथा अफ्रीकन रीजन, रीजन आफ अमेरिकाज, ईस्टर्न मेडिटेरेनियन रीजन, यूरोपियन रीजन, साउथ एशिया रीजन एवं वेस्टर्न पेसिफिक रीजन में विभाजित कर यह अवार्ड दिया जाता है। डब्ल्यूएचओ द्वारा जारी ‘वर्ल्ड नो टोबैको डे 2026 अवॉर्ड’ सूची में राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। विभाग को दक्षिण-पूर्व एशिया क्षेत्र में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर उन्होंने सीकर जिले की टीम को बधाई दी है। उन्होंने इस उपलब्धि पर जिला व ब्लॉक स्तरीय सभी अधिकारियों, एनएचएम कर्मियों और एएनएम, आशा, सीएचओ तथा सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई दी है।

Comments are closed.