प्रवेशोत्सव रैली का ग्रामीणजन ने किया भव्य स्वागत
सीकर (बराल)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बराल में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम देने वाले छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन हेतु प्रवेशोत्सव रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस रैली को गांव के विभिन्न मार्गों से निकाला गया, जहाँ ग्रामीणजन ने विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। रैली के दौरान पूरे गांव में उत्साह और हर्ष का वातावरण देखने को मिला।
संस्था प्रधान सुधा तोषनीवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से यह रैली आयोजित की गई। इस अवसर पर समाजसेवी प्रभु दयाल मीणा ने प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का साफा पहनाकर अभिनंदन किया तथा सभी को शीतल पेय पिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीं समाजसेवी सांवरमल सैन ने विद्यार्थियों को फल वितरित कर उनका सम्मान किया और निरंतर परिश्रम करने के लिए प्रेरित किया।
उप प्राचार्य संतोष मूंड ने बताया कि बोर्ड कक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 21 विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया गया। कार्यक्रम के दौरान व्याख्याता राजेंद्र प्रसाद नारनोलिया ने रैली को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, अनुशासन एवं निरंतर प्रयास के महत्व के बारे में बताया और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
रैली में ओमप्रकाश गढ़वाल, राजेश बगड़िया, सुनील शर्मा, उर्मिला कुमारी, सुनीता बाई, सुनीता कुमारी, शिव कुमार, रामकरण, सावित्री कुमारी सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश दिया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
Comments are closed.