11 नगरीय निकायों की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित

11 नगरीय निकायों की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित, राजनीतिक दलों की बैठक आयोजित

सीकर

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों की बैठक बुधवार को उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार सीकर जिले की 14 नगरीय निकायों में से 11 नगरीय निकायों की निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन बुधवार को किया गया। जिन नगरीय निकायों की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की गई है, उनमें फतेहपुर नगरपरिषद, लक्ष्मणगढ़, धोद, लोसल, सीकर नगर परिषद, पलसाना, दांता, खण्डेला, नीमकाथाना, अजीतगढ़ एवं श्रीमाधोपुर शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि संबंधित 11 नगरीय निकायों की मतदाता सूचियों का प्रारूप प्रकाशन 24 मार्च 2026 को किया गया था। प्रारूप प्रकाशन के समय कुल मतदाताओं की संख्या 5 लाख 37 हजार 718 थी। इसके पश्चात 25 मार्च 2026 को वार्डों एवं मतदान केन्द्रों पर मतदाता सूचियों का पठन कार्य कराया गया। साथ ही 29 मार्च एवं 5 अप्रैल 2026 को विशेष अभियान चलाए गए। दावे एवं आक्षेप प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 7 अप्रैल 2026 निर्धारित थी। प्राप्त दावों एवं आक्षेपों का निस्तारण संबंधित नगरीय निकायों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा 15 अप्रैल 2026 तक किया गया।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान कुल 32 हजार 401 मतदाताओं के नाम जोड़े गए तथा 29 हजार 845 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए। इसके बाद अंतिम मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 लाख 40 हजार 274 हो गई है। संबंधित 11 नगरीय निकायों में कुल 405 वार्ड तथा 574 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं।
बैठक में आम आदमी पार्टी से मुकेश गुर्जर, बहुजन समाज पार्टी से भंवरलाल दानोदिया, भारतीय जनता पार्टी से महावीर प्रसाद सैन, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (एम) से पेमाराम एवं रामरतन बगड़िया, इण्डियन नेशनल कांग्रेस से हरीश मिश्रा तथा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से इंजीनियर भंवर सिंह सहित विभिन्न दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

Comments are closed.