महरोली में पेयजल संकट पर विरोध प्रदर्शन, जलदाय विभाग पर उठे सवाल…

चार महीने से पानी की सप्लाई ठप होने से परेशान ग्रामीणों ने जलदाय विभाग के खिलाफ धरना दिया, समाधान की मांग।

महरोली गांव के लोगों ने शुक्रवार को जलदाय विभाग सहायक अभियंता कार्यालय के सामने पेयजल संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जलदाय विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की।

ग्राम पंचायत महरोली के वार्ड नंबर 18, कालची प्याऊ, आचार्य मोहल्ला और आसपास के क्षेत्रों में पिछले चार महीने से पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप है। वार्डपंच शंकर सिंह और राजू आचार्य ने बताया कि जलदाय विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इससे गांव के लोग खासकर गरीब और अशिक्षित तबके के लोग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ, तो वे आंदोलन को और उग्र करेंगे। धरने पर महिलाएं और पुरुषों ने अपने गुस्से का इज़हार करते हुए जलदाय विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि खराब ट्यूबवेल के कारण पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है, और विभाग इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। जलदाय विभाग के रींगस ग्रामीण कनिष्ठ अभियंता बृजमोहन ओला ने बताया कि पानी की समस्या के स्थाई समाधान के लिए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई है, और अस्थाई समाधान के तौर पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत और स्थाई समाधान की मांग की, ताकि उन्हें इस गंभीर समस्या से निजात मिल सके।

Comments are closed.