आंसू से भीगे आंचल पर एक संधि पत्र लिखना होगा ” एस.के. स्कूल में हुआ “महिला विचार गोष्ठी” का आयोजन
राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय द्वारा महिला सशक्तिकरण पर चर्चा
राजमाता अहिल्याबाई की 300 वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आज एस.के. स्कूल, सीकर में राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय द्वारा एक भव्य महिला विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें लगभग 500 शिक्षिकाओं ने आयोजन में भाग लिया। कार्यक्रम के प्रारंभ में जिला संगठन महिला मंत्री श्रीमती ललिता कंवर ने सभी अतिथियों का स्वागत परिचय करवाया।कार्यक्रम में विभिन्न प्रमुख वक्ताओं ने महिलाओं के सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक योगदान पर विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई, जिसके बाद कार्यक्रम के प्रमुख बौद्धिक वक्ता डॉ. दीपिका शर्मा ने राजमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन और उनके योगदान पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. शर्मा ने कहा, “राजमाता अहिल्याबाई ने न केवल मध्यप्रदेश में बल्कि समग्र भारत में महिलाओं के उत्थान, शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन एक प्रेरणा है जो हमें अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की शक्ति देता है और इसके लिए “आंसू से भीगे आंचल पर एक संधि पत्र लिखना होगा।”
इस दौरान महिला प्रांत प्रमुख डॉ. सरिता गुर्जर ने सांस्कृतिक और सामाजिक मूल्यों के परिवर्तन पर भी व्याख्यान दिया। डॉ. गुर्जर ने महिलाओं के समाज में बदलते रूप, उनके अधिकारों और उनके योगदान की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने कहा, “आज समाज में महिलाओं को हर क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने का पूरा अवसर मिल रहा है, लेकिन इसके लिए हमें खुद को शिक्षित और सशक्त बनाना होगा।”
कार्यक्रम मे उपस्थित शिक्षिकाओं ने महिला सशक्तिकरण के मुद्दों पर अपने समर्थन दिया। इस आयोजन में सीकर जिले के विभिन्न विद्यालयों से शिक्षिकाओं ने सक्रियता से भाग लिया । जिला कार्यकारिणी से सुशीला रेवाड़ ने सभी को संबोधित किया।
कार्यक्रम के अंत में जिला मंत्री एवं कार्यक्रम की अध्यक्ष नीतू शर्मा ने सभी का आधार व्यक्त करते हुए कहा कि इस गोष्ठी का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में महिलाओं के योगदान को सही रूप में प्रस्तुत करना था। राजस्थान शिक्षक संघ (राष्ट्रीय) का यह आयोजन महिलाओं के उत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यक्रम का संचालन डाॅ शारदा ने किया।
Comments are closed.