निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीना की रिहाई की मांग, मीना समाज ने किया प्रदर्शन…

जिला कलेक्ट्रेट पर रैली और ज्ञापन, प्रशासन पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप

सीकर में मंगलवार को राजस्थान आदिवासी मीना सेवा संघ ने निर्दलीय प्रत्याशी नरेश मीना की रिहाई की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट के बाहर प्रदर्शन किया। महामंत्री बाबूलाल कांवट और जिलाध्यक्ष सांवरमल मीना के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने रेलवे स्टेशन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली। इसके बाद कलेक्टर को मुख्यमंत्री, राज्यपाल, और मानवाधिकार आयोग के नाम ज्ञापन सौंपा।

रिहाई और न्यायिक जांच की मांग

प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन में नरेश मीना पर एकतरफा कार्रवाई को अनुचित ठहराया और उनकी रिहाई की मांग की। इसके साथ ही जबरन मतदान कराने वाले एरिया मजिस्ट्रेट को बर्खास्त करने और टोंक कलेक्टर एवं एसपी को निलंबित कर मामले की न्यायिक जांच कराने की भी अपील की।

समाज के नेताओं का समर्थन

प्रदर्शन में समाज के कई प्रमुख नेता शामिल हुए, जिनमें कैप्टन जयनारायण मीना, कार्यकारी जिलाध्यक्ष सीमा मीना, उपाध्यक्ष बजरंगलाल मीना, और संरक्षक मदनलाल मीना शामिल थे। इसके अलावा नीमकाथाना अध्यक्ष मनसुख मीना, किशोरीलाल मीना, और कई अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

सरकार पर लगाए आरोप

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगे नहीं मानी गईं, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Comments are closed.