रींगस में होटल के बाहर से कार चोरी, 3 लाख नकदी और दस्तावेज भी ले गए चोर…

सीसीटीवी फुटेज में चोर की करतूत कैद, गाड़ी की सीट के नीचे रखी थी नकदी और सामान

सीकर जिले के रींगस इलाके में होटल के बाहर खड़ी एक कार चोरी होने का मामला सामने आया है। बीकानेर निवासी रामदेव सुथार ने बताया कि चोरी हुई गाड़ी में करीब 3 लाख रुपये नकद और अहम दस्तावेज थे। घटना के दौरान होटल के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की हरकत कैद हो गई।

होटल में रात गुजार रहे थे पीड़ित
रामदेव सुथार ने बताया कि वह सांवरिया होटल में रात रुकने के बाद सुबह 6:30 बजे बाहर आए, तो उनकी गाड़ी गायब थी। सीसीटीवी फुटेज देखने पर पता चला कि चोर पहले गाड़ी का ताला तोड़ते हैं और फिर गाड़ी लेकर फरार हो जाते हैं। फुटेज में यह भी नजर आया कि चोर पहले पूरी योजना बनाकर होटल के आसपास रैकी कर चुके थे।

पहले भी की गई थी चोरी की कोशिश
घटना से पहले चोरों ने रींगस की देशनोक कॉलोनी में एक और गाड़ी चुराने की कोशिश की थी। वहां चोरों ने गाड़ी का बोनट खोला और तोड़फोड़ की, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने होटल के बाहर खड़ी गाड़ी को निशाना बनाया।

गाड़ी में था नकदी और जरूरी सामान
रामदेव ने बताया कि गाड़ी में जयपुर जाने के लिए रखा 3 लाख रुपये नकद, बहन की फीस और बिजनेस से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज भी थे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है।

Comments are closed.