सिरोही में रेबीज ग्रस्त कुत्तों का आतंक, 105 तक पहुंची संख्या…

शहर में बढ़ते मामलों से लोग चिंतित, 24 घंटे में 10 से अधिक लोग अस्पताल पहुंचे

सिरोही शहर के एक बड़े इलाके में रेबीज ग्रस्त कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। 105 रेबीज ग्रस्त कुत्ते शहर में घूम रहे हैं, और इस कारण कई लोग प्रभावित हो चुके हैं। सिरोही जिला अस्पताल में 24 घंटे के भीतर 10 पीड़ितों ने एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाने के लिए अस्पताल का रुख किया, जबकि ट्रॉमा सेंटर में 3 लोगों ने इलाज करवाया। 1 से 28 नवंबर के बीच, जिला अस्पताल में 169 और ट्रॉमा सेंटर में 70 से अधिक डॉग बाइट के केस दर्ज हो चुके हैं।

रेबीज से ग्रस्त कुत्तों को शहर से बाहर छोड़ने की प्रक्रिया जारी है। नगर परिषद के कर्मचारियों ने इन कुत्तों को पकड़कर बोरे में बंद कर दिया और शहर के बाहर ले जाकर छोड़ने की कोशिश की। हालांकि, खांबल गांव में जब कर्मचारियों ने कुत्तों को छोड़ा, तो गांव वालों ने विरोध किया, जिसके बाद कर्मचारी कुत्तों को नगर परिषद वापस लेकर आए। अब इन कुत्तों को नगर परिषद के गेट के बाहर बने एक कमरे में रखा गया है।

सिरोही व्यापार मंडल के अध्यक्ष भरत छिपा ने बताया कि रेबीज ग्रस्त कुत्तों की संख्या बुधवार शाम तक 70 थी, जो गुरुवार तक बढ़कर 105 तक पहुंच गई। ये कुत्ते शहर के प्रमुख इलाकों जैसे पैलेस रोड, मोची वाडा, सदर बाजार, नीलमणि चौक, छिपावली, मोदी लाइन चौराहा, आयुर्वेदिक अस्पताल, राम झरोखा, राजमाता धर्मशाला और भाटकड़ा चौराहा के आसपास सक्रिय हैं। यदि यह स्थिति बनी रही, तो भविष्य में हालात और खराब हो सकते हैं।

समाजसेवी ग्रुप के सदस्य भी इन कुत्तों पर निगाह रख रहे हैं और लगातार एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाए जा रहे हैं।

Comments are closed.