डोटासरा बोले- कांग्रेस में जल्द होंगे बदलाव…

बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की प्रक्रिया शुरू

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पार्टी में बूथ स्तर से सुधार की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सीकर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर संगठन में नई ऊर्जा लाने का प्रयास किया जा रहा है। मंडल और ब्लॉक स्तर पर रिक्त पदों को भरने का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा। डोटासरा ने कहा कि यह परिवर्तन जल्द ही जमीनी स्तर पर नजर आएगा।

डोटासरा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आरएसएस के कंधों पर सत्ता तक पहुंचने वाली भाजपा, अब मोहन भागवत की सलाह को भी नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने धर्मांतरण कानून और वन स्टेट-वन इलेक्शन को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि भाजपा इन मुद्दों के जरिए जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने पंचायत और नगरीय निकायों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए इसे जनप्रतिनिधियों का अपमान बताया।

Comments are closed.