ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर का विवादित बयान, चुनाव जीतने के लिए गांवों में लगातार संपर्क की सलाह…

मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा, "विकास नहीं, राम-राम से जीत सकते हैं चुनाव"

राजस्थान के ऊर्जा मंत्री स्वतंत्र प्रभार, हीरालाल नागर ने 7 दिसंबर को कोटा के सिमलिया में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए विकास नहीं, बल्कि गांवों में जाकर लोगों से लगातार संपर्क करना और राम-राम करना जरूरी है।

मंत्री ने कार्यकर्ताओं को चुनाव जीतने के टिप्स देते हुए कहा, “यह गलतफहमी है कि विकास कराकर चुनाव जीते जाते हैं। अगर किसी ने विकास किया और गांव में जाकर नहीं मिला तो वह चुनाव नहीं जीत सकता।” उन्होंने आगे कहा, “आप विकास मत करो, लेकिन गांव में संपर्क बनाए रखो, लोगों से मिलते रहो और हारी-बीमारी के बारे में बातचीत करते रहो। राम-राम करते रहो, 100 प्रतिशत जीतोगे।”

मंत्री ने यह बातें सिमलिया में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान कही। उन्होंने चुनावी रणनीति पर अपने विचार साझा करते हुए कार्यकर्ताओं से सुझाव दिया कि उन्हें लोगों से निरंतर संपर्क बनाए रखने की आवश्यकता है, ताकि चुनाव में सफलता हासिल की जा सके। इस बैठक में मंत्री ने यह भी घोषणा की कि संगठन पर्व के दौरान जिन कार्यकर्ताओं ने 100 से अधिक सदस्य बनाए हैं, उन्हें दिल्ली भ्रमण पर भेजा जाएगा।

Comments are closed.