राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविर की शुरुआत…
जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर निशुल्क जांच सुविधाएं
रविवार को राज्य सरकार की पहली वर्षगांठ के अवसर पर जिले में मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य शिविरों का आयोजन शुरू हुआ। पहले दिन शिविरों का आयोजन सुजानगढ़ के सीएचसी सालासर, चूरू के पीएचसी खासोली, राजगढ़ के पीएचसी भैंसली, सरदारशहर के पीएचसी पूलासर, तारानगर के सीएचसी साहवा और रतनगढ़ के सीएचसी गोगासर में किया गया।
सीएमएचओ डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि 31 जनवरी तक जिले के 90 पीएचसी और 20 सीएचसी में इन शिविरों का आयोजन किया जाएगा। शिविरों में आयुर्वेद विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग और सामाजिक न्याय व अधिकारिता विभाग का भी सहयोग रहेगा। पहले दिन कुल 6 स्थानों पर शिविर लगाए गए, जहां विभिन्न विशेषज्ञों की टीम मौजूद रही। इसमें चिकित्सक, दंत रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, फार्मासिस्ट और नर्सिंगकर्मी शामिल थे।
इन शिविरों में 37 प्रकार की निशुल्क जांच सेवाएं उपलब्ध करवाई गई, जिनमें शुगर, ब्लड प्रेशर, कैंसर जैसी बीमारियों की जांच, गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच, बच्चों का टीकाकरण, और डायबिटीज, हाइपरटेंशन व अंधता के रोगियों की स्क्रीनिंग की सुविधा शामिल थी। शिविर तीन चरणों में होंगे: पहले चरण में सभी पीएचसी और सीएचसी पर, दूसरे चरण में पंचायत मुख्यालय पर फॉलोअप शिविर और तीसरे चरण में जिला मुख्यालय पर रेफरल शिविर आयोजित होंगे।
Comments are closed.