राजकोप सिटीजन ऐप में महिलाओं के लिए नया फीचर “मदद चाहिए”…
ऐप से महिलाओं को मिलेंगी तुरंत पुलिस सहायता, ट्रैक कर सकेंगी पुलिस वाहन की लोकेशन
राजकोप सिटीजन ऐप में महिलाओं के लिए एक नया फीचर “मदद चाहिए” पेश किया गया है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को त्वरित और प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। यह फीचर पुलिस की ओर से विकसित किया गया है, और इसके जरिए महिलाओं को अपनी समस्याओं के बारे में ऑनलाइन पुलिस को सूचित करने की सुविधा मिलेगी।
एसपी शरद चौधरी के अनुसार, इस फीचर की टेस्टिंग चल रही है। महिला को इस ऐप को अपने मोबाइल में डाउनलोड करना होगा, और एसएसओ आईडी से लॉगिन करके “मदद चाहिए” बटन पर क्लिक करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर दिए गए तीर के निशान को स्लाइड करके महिला अपनी समस्या टाइप कर या रिकॉर्ड करके पुलिस को सबमिट कर सकती है।
यह ऐप पीड़िता को पुलिस वाहन की लोकेशन ट्रैक करने की सुविधा भी देगा, ताकि वह जान सके कि पुलिस वाहन उसके पास कब पहुंचेगा। पुलिस वाहन के निर्धारित स्थान तक पहुंचने के बाद, टीम इवेंट को बंद कर देगी, और महिला से तुरंत सहायता प्रदान करने के बाद उसका फीडबैक लिया जाएगा।
एसपी शरद चौधरी ने बताया कि यह ऐप महिलाओं की समस्याओं और अपराधों की सूचना देने में मदद करेगा, और अपराधियों पर अंकुश लगाने में भी कारगर साबित होगा।
Comments are closed.