फर्जी दस्तावेजों से स्कॉर्पियो हड़पने वाला आरोपी गिरफ्तार, बाड़मेर से गाड़ी बरामद…
सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी को पकड़ा, झुंझुनूं का निवासी निकला।
सीकर के उद्योग नगर थाना पुलिस ने फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर स्कॉर्पियो गाड़ी किराए पर लेकर हड़पने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई गाड़ी को भी बरामद किया है।
पुलिस के मुताबिक, 20 जनवरी को राजेश कुमार (28), निवासी महेंद्रगढ़, हरियाणा (हाल निवासी नवलगढ़ रोड, सीकर) ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने फर्जी आईडी देकर स्कॉर्पियो किराए पर ली और उसे शाम तक वापस लौटाने की बात कही। लेकिन न तो गाड़ी वापस लौटी और न ही आरोपी से संपर्क हो पाया। आरोपी ने गाड़ी में लगा जीपीएस सिस्टम भी बंद कर दिया।
मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन ट्रेसिंग के जरिए आरोपी का पता लगाया। बाड़मेर में दबिश देकर पुलिस ने आरोपी राहुल (22), निवासी झुंझुनूं को गिरफ्तार कर लिया और गाड़ी बरामद कर ली।
इस कार्रवाई में कॉन्स्टेबल मनोज कुमार और टीम के अन्य पुलिसकर्मियों का अहम योगदान रहा। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके अन्य आपराधिक कनेक्शनों की जांच कर रही है।
Comments are closed.