कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा ने राज्य सरकार को NPA बताया, कहा- ‘मंत्री नहीं, पूरी सरकार है नॉन परफॉर्मिंग एसेट’…
राज्यपाल के सीकर दौरे पर डोटासरा ने तंज कसते हुए किया हमला, भाजपा सरकार की नाकामी पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य सरकार पर तीखा हमला करते हुए उसे नॉन परफॉर्मिंग एसेट (NPA) करार दिया है। यह टिप्पणी राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के सीकर दौरे पर अधिकारियों की बैठक के बाद आई। दरअसल, राज्यपाल ने गुरुवार को सीकर में अधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। इस बैठक को लेकर डोटासरा ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए X पर राजभवन राजस्थान की पोस्ट को रिपोस्ट किया और लिखा, “सिर्फ मंत्री नहीं, पूरी सरकार ही NPA है।”
डोटासरा ने आगे कहा, “एक कार्यक्रम में सुना था कि राजस्थान में भाजपा सरकार के ज्यादातर मंत्री NPA हैं, लेकिन राजभवन से जारी ट्वीट देखकर लगता है कि पूरी सरकार ही NPA है।”
उन्होंने भाजपा सरकार की नाकामी और अकर्मण्यता पर भी सवाल उठाए। डोटासरा ने लिखा, “भा.ज.पा. सरकार की नाकामी के कारण मंत्रियों का काम महामहिम राज्यपाल को करना पड़ रहा है। राज्यपाल को अब जिलों में जाकर योजनाओं की समीक्षा बैठक करनी पड़ रही है और अधिकारियों को जनता के काम करने के निर्देश देने पड़ रहे हैं।”
डोटासरा ने आरोप लगाया कि यह दर्शाता है कि संभाग प्रभारी और विभागीय मंत्री राज्य सरकार की योजनाओं की मॉनिटरिंग और धरातल पर क्रियान्वयन में पूरी तरह विफल हो चुके हैं।
राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े गुरुवार को सीकर के दौरे पर थे, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर परिसर सभागार में अधिकारियों के साथ बैठक की और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की समीक्षा की। इसके बाद वे लक्ष्मणगढ़ में मोदी यूनिवर्सिटी में आयोजित कन्वोकेशन समारोह में भी शामिल हुए।
Comments are closed.