ग्राम रथ अभियान में गांवों में दी जा रही है जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

ग्राम रथ अभियान में गांवों में दी जा रही है जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी

सीकर

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार कृषकों, पशुपालकों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से संबंधित योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए जिले की आठ विधानसभा क्षेत्रों के गांवों में एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से ग्राम रथ अभियान का शुभारंभ मंगलवार को जिला मुख्यालय से किया गया। एलईडी मोबाइल वैन निर्धारित रूट के अनुसार गांवों में पहुंचकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार कर रही हैं। इसके अलावा कला जत्था कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से आमजन को जागरूक कर रहे हैं।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार ग्राम रथ अभियान के तहत कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, सहकारिता, जल संसाधन, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग की सहभागिता से कृषकों, पशुपालकों तथा ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक रथ में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की ऑडियो-वीडियो प्रस्तुति की व्यवस्था की गई है। साथ ही लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से आमजन को जागरूक कर रहे हैं। रथों में सुझाव पेटिका भी उपलब्ध करवाई गई है, जिसमें ग्रामीण अपनी समस्याएं एवं सुझाव डाल सकेंगे।
ग्राम रथ अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता के माध्यम से भी आमजन को जागरूक किया जा रहा है। ग्राम रथ क्विज में ग्रामीण विकास योजनाओं, अधिकारों एवं जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य आमजन को राज्य में हो रहे विकास कार्यों, उनके प्रभावी क्रियान्वयन, नवाचारों तथा समसामयिक सामान्य ज्ञान से अवगत करवाना है। क्यूआर कोड स्कैन कर आमजन ग्राम रथ क्विज में भाग लेकर प्रश्नों के सही उत्तर देकर डिजिटल सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों एवं पशुपालकों को सशक्त बनाना है। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से व्यापक रूप से अवगत करवाना है। माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध राजस्थान सरकार द्वारा संचालित यह अभियान ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके अलावा यह अभियान प्रधानमंत्री के सशक्त किसान-समृद्ध भारत के संकल्प को भी साकार करने में प्रभावी भूमिका निभाएगा।

Comments are closed.