जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित
सीकर
जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं तथा राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला कलेक्टर मोदी ने बैठक में कहा कि सभी विभाग इंटर-डिपार्टमेंटल कोऑर्डिनेशन से जुड़े मुद्दों से आवश्यक रूप से अवगत करवाएं, ताकि उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि विभागों के आपसी समन्वय के अभाव में कोई भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए तथा सभी प्रकरणों का समय पर निस्तारण किया जाए। उन्होंने शिक्षा विभाग, आईसीडीएस एवं स्वास्थ्य विभाग को 14 वर्ष की बालिकाओं के अभिभावकों को अधिकाधिक प्रेरित कर सभी पात्र बालिकाओं का एचपीवी वैक्सीनेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण स्तर पर प्रत्येक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को 10 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित कर कार्य में पूर्ण प्रगति प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में स्व-गणना कार्य में भी प्रगति बढ़ाने के निर्देश प्रदान किए।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर रतन कुमार ने निर्देश दिए कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज सभी प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं के संतुष्टि स्तर में निरंतर सुधार लाया जाए। उन्होंने पीएचईडी, कोष कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग सहित अन्य विभागों को 90 दिन से अधिक समय से लंबित संपर्क पोर्टल प्रकरणों का त्वरित निस्तारण कर परिवादियों को राहत प्रदान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने आगामी दिनों में आयोजित होने वाले युवा संबल मेला, वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान एवं हरियालो राजस्थान अभियान के संबंध में आवश्यक तैयारियां अभी से प्रारंभ करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर भावना शर्मा ने मुख्यमंत्री कार्यालय, राष्ट्रीय एवं राज्य मानवाधिकार आयोग सहित विद्युत, ऊर्जा एवं चिकित्सा सहित अन्य विभागो से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव, यूआईटी सचिव जेपी गौड़, सहायक निदेशक प्रशासनिक सुधार विभाग इंदिरा शर्मा, डीटीओ ताराचंद बंजारा सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Comments are closed.