बुजुर्गों का सम्मान हमारी संस्कृति का मूल स्वरूप : रूपा गुप्ता

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीकर ने मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

बुजुर्गों का सम्मान हमारी संस्कृति का मूल स्वरूप : रूपा गुप्ता

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीकर ने मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह का किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सीकर
माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सीकर की अध्यक्ष एवं जिला एवं सेशन न्यायाधीश श्रीमती रूपा गुप्ता तथा सचिव श्रीमती शालिनी गोयल ने गुरुवार को आरटीओ ऑफिस के पास स्थित मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह, सीकर का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्रीमती रूपा गुप्ता ने कहा कि “बुजुर्गों का सम्मान हमारी संस्कृति का मूल स्वरूप है तथा समाज का दायित्व है कि वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित जीवन उपलब्ध कराया जाए।”

न्यायिक अधिकारियों ने पुनर्वास गृह में रह रहे बुजुर्गों एवं अन्य आवासियों से मुलाकात कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, भोजन की गुणवत्ता, चिकित्सा व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं एवं देखभाल व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया।

अध्यक्ष एवं सचिव ने पुनर्वास गृह परिसर और कमरों में स्वच्छता बनाए रखने, मौसम के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा आवासियों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान वहां निवासरत व्यक्तियों को उनके विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया तथा उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की निःशुल्क कानूनी सहायता एवं परामर्श के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव उपलब्ध है।

इसके अलावा संस्थान के संचालक एवं स्टाफ को निर्देशित किया गया कि आवासियों की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए तथा पुनर्वास से जुड़े कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी एवं संवेदनशील तरीके से संचालित किया जाए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा किया गया यह निरीक्षण बुजुर्गों एवं जरूरतमंद व्यक्तियों के अधिकारों की सुरक्षा तथा बेहतर पुनर्वास व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Comments are closed.