विश्वविद्यालय परिवार की टीम भावना ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति : प्रो. राय

पं. दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में कर्मचारी दीपावली स्नेह मिलन

विश्वविद्यालय परिवार की टीम भावना ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति : प्रो. राय
पं. दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय में कर्मचारी दीपावली स्नेह मिलन
एकता, परिश्रम व सकारात्मक कार्य संस्कृति ने विश्वविद्यालय को दी नई पहचान

सीकर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय शेखावाटी विश्वविद्यालय, सीकर में मंगलवार को अधिकारियों और कर्मचारियों का दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शेखावाटी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय, कुलसचिव श्वेता यादव, परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
कार्यक्रम में ‘वाइस चांसलर ऑफ द ईयर’ ग्लोबल अवार्ड मिलने पर अधिकारियों ने कुलगुरु प्रो. राय का माला एवं शॉल ओढ़ाकर सम्मान किया। साथ ही कुलसचिव श्वेता यादव ने भी कुलगुरु का अभिनंदन करते हुए विश्वविद्यालय के नेतृत्व के लिए उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर कुलसचिव ने कहा कि कुलगुरु प्रो. राय के नेतृत्व में विवि परिवार की एकता, परिश्रम और सकारात्मक कार्य संस्कृति ने संस्थान को नई पहचान दी है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक पारदर्शिता, समयबद्धता और टीम भावना ही शेखावाटी विवि के विकास की मुख्य धुरी है। उन्होंने अपने उद्बबोधन में दो साल के विकास कार्यों और नवाचारों पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय ने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार की सामूहिक ऊर्जा, टीम भावना और समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। आने वाले वर्षों में हम शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान और छात्रकल्याण के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेंगे। सकारात्मकता के साथ काम करने पर ही हमें कामयाबी मिलती है। उन्होेंने कहा कि हमारी टीम छोटी पर बड़ा काम कर रही है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह, वित्त नियंत्रक महेश चंद शर्मा, अकादमिक निदेशक डॉ. आर सी मीना, उपकुलसचिव (सम्बद्धता) रामसिंह सरावग और सम्पदा और सामान्य प्रशासन प्रभारी कन्हैया लाल जांगिड़, उपनिदेशक आईटी पंकज मील, डॉ. रिंजू राय समेत विवि के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। प्रो. राजेंद्र सिंह ने भी अपने विवि के अनुभवों को शेयर किया।
समारोह में कुलगुरु प्रो. अनिल कुमार राय के दो वर्षों के रचनात्मक एवं प्रगतिशील कार्यकाल को दर्शाती डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की गई, जिसमें विश्वविद्यालय की प्रमुख उपलब्धियां, नीतिगत सुधार और छात्रहित में किए गए नवाचारों को दिखाया गया।
समारोह में अधिकारियों ने विचार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय की उन्नति में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। वहीं शिक्षकों एवं अन्य कर्मचारियों ने भी स्नेह मिलन समारोह और विवि की प्रगति पर अपने अनुभव साझा किए। अंत में परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजेंद्र सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संचालन डॉ. रेणु महलावत ने किया।

Comments are closed.