अमन स्कूल में 12वीं का विदाई समारोह आयोजित
सफलता के लिए परिश्रम और अनुशासन जरूरी – खत्री
सीकर
सामाजिक संस्था अमन ट्रस्ट द्वारा संचालित अमन सीनियर सैकंडरी स्कूल, सीकर में रविवार को कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं ट्रस्ट चेयरमैन खादिम हुसैन खत्री रहे। इस अवसर पर खत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए परिश्रम और अनुशासन अत्यंत आवश्यक हैं। विदाई का यह क्षण भावुक होता है, लेकिन खुशी की बात यह है कि विद्यार्थी अब अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए परिवार, समाज और देश की सेवा करने का आह्वान किया।
संस्था के अकादमिक निदेशक इंजीनियर असरार अहमद ने बताया कि कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों ने अपने सीनियर्स को विदाई देते हुए उनके साथ बिताए गए संस्मरण साझा किए और स्मृति चिन्ह भेंट किए। वहीं कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा कर विद्यालय व शिक्षकों के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। कार्यक्रम में शिक्षाविद निसार अहमद जाटू ने विद्यार्थियों को मोटिवेशन देते हुए कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास, नैतिक मूल्यों और सतत मेहनत के साथ आगे बढ़ें तथा जीवन की बाधाओं से कभी हार न मानें। विद्यालय के प्रिंसिपल असलम खान ने अतिथियों का स्वागत किया तथा स्टाफ एवं ट्रस्ट पदाधिकारियों के साथ विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं में सफलता के लिए मार्गदर्शन दिया।कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11वीं की छात्राओं आयशा जमींदार एवं अक्सा खान ने किया।
Comments are closed.